
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को पूरे जोश एवं हर्षोल्लास के साथ मनाये जाने के साथ ही “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के अंतर्गत अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज को अवश्य लगाए जाने की लोगों से अपील की है। उन्होंने अपने विधायक निधि से
बनवाये गये पुलिस लाइन परिसर के पास पांचवें राष्ट्रीय ध्वज स्थल का बुधवार को लोकार्पण कर देश की आन-बान- शान का प्रतीक 100 फीट के राष्ट्रीय ध्वज को फहराया।
इस अवसर पर पीएसी व पुलिस के बैंड पार्टी के जवानों द्वारा राष्ट्र भक्ति के गीतों का धुन बजाया गया।
जुलूस के रूप में हजारों की संख्या में स्कूली बच्चों के साथ ही स्थानीय लोग हाथों में तिरंगा लिए देश भक्ति नारा लगाते हुए पुलिस लाइन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। जिसका नेतृत्व स्वयं मंत्री रविंद्र जायसवाल कर रहे थे।
इस अवसर पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि देश की आन- बान-शान का प्रतीक हमारा राष्ट्रीय ध्वज ऊंचे गगन
में इसी प्रकार फहराता रहे और लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश देता रहे, इसी उद्देश्य से शहर के विभिन्न 10 स्थानो पर ऊंचे गगन में विशाल राष्ट्रीय ध्वज लगाए गए हैं। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के लिए विभाजन किसी विभीषिका से कम नहीं रहा। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त, 1947.. यह वह तारीख है, जिसे कभी नहीं भुलाया जा सकता। एक तरफ देश को गुलामी
की जंजीरों से मुक्ति मिल रही थी, तो दूसरी तरफ इसकी कीमत देश के विभाजन के रूप में मिल रही थी।
देश के बंटवारे के दर्द को कभी भुलाया नहीं जा सकता। नफरत और हिंसा की वजह से लाखों बहनों और भाइयों को विस्थापित होना पड़ा और अपनी जान तक गवानी पड़ी। मंत्री रविंद्र जायसवाल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त गुरुवार को कचहरी अंबेडकर पार्क के पास 100 फीट के राष्ट्रीय ध्वज को फहरायेंगे।
