वाराणसी। पड़ाव आश्रम में सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष गुरुपद संभव राम सान्निध्य में स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति सुबह अवधूत भगवान राम नर्सरी विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, आश्रमवासियों तथा श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आश्रम प्रांगण में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न किया गया। अवधूत भगवान राम नर्सरी विद्यालय के छात्र आयुष और कुमारी वंदना ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्र गान और राष्ट्र गीत के पश्चात् श्री सर्वेश्वरी समूह के उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आजादी प्राप्त करने में हमारे अनेक पूर्वजों ने अपना अमूल्य बलिदान दिया है, उनको हमें कभी नहीं भूलना चाहिए। आपने पर्यावरण के रक्षार्थ अधिक-से-अधिक वृक्षारोपण करने के लिए बच्चों के साथ-साथ उपस्थि सभी लोगों को प्रेरित किया। बच्चों में अच्छे संस्कार डालने की प्रेरणा देते हुए आपने अपनी बात समाप्त की। मुख्य सभागार में बाबा जी के सान्निध्य में नर्सरी विद्यालय के बच्चों ने बहुत ही मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कुस्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह थे। सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ अघोरेश्वर महाप्रभु की आरती शिव स्तुति के साथ की गई। इसके पश्चात् सरस्वती वंदना, स्कूल चले हम…, भारत है पहचान मेरी… आदि अनेक प्रेरणादायी देशभक्ति गीतों पर विद्यालय की छात्र-छात्राओं नृत्य के साथ बड़ी ही आकर्षक प्रस्तुति दी। विशेष रूप से यू केजी में पढ़ने वाले छः वर्षीय बालक प्रणव रघुवंशी ने शिव ताण्डव स्तोत्र का पाठ किया। इतने छोटे बालक द्वारा संस्कृत में कंठस्थ इस स्तोत्र की निर्बाध प्रस्तुति को देख-सुनकर उपस्थित सभी लोग स्तब्ध और मंत्रमुग्ध हो गए। कुछ बच्चों ने देशभक्ति राष्ट्रभक्ति कविता व शायरी प्रस्तुत किया। कक्षा तीन की शुभदा पाण्डेय ने बड़ा ही ओजस्वी भाषण दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *