वाराणसी। जनपद में चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। मंगलवार को कबीरचौरा स्थित एसएसपीजी मंडलीय जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में पहली प्लेटलेट एफेरिसिस की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। अब प्लेटलेट की कमी वाले मरीजों की मांग को पूरा किया जा सकेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि रोगियों के हितों को देखते हुए विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी एवं विधान परिषद सदस्यअशोक धवन की विधायक निधि एवं जिला प्रशासन के सहयोग से एक प्लेटलेट एफेरिसिस मशीन खरीदी गई तथा एक अन्य मशीन शासन के स्तर से भी प्राप्त हुई है। दोनों मशीनों के प्राप्त होने पर लाइसेंसिंग प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात चिकित्सालय के ब्लड बैंक में पहली बार प्लेटलेट एफेरिसिस की प्रक्रिया संपन्न की गई है।

चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ एसपी सिंह ने बताया कि उक्त प्रक्रिया शुरू हो जाने से डेंगू के सीजन में प्लेटलेट की कमी वाले मरीजों को काफी सुविधा हो जाएगी और उन्हें सिंगल डोनर प्लेटलेट के लिए यहां वहां भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि सरैंया निवासी खैरुन्निसा को प्लेटलेट की कमी के कारण सिंगल डोनर प्लेटलेट की जरूरत थी जिसको देखते हुए राकेश कुमार सेठ नमक रक्तदाता ने प्लेटलेट एफेरिसिस की प्रक्रिया के द्वारा एक पैक प्लेटलेट्स दान दिया, जो मरीज को चढ़ाया जाएगा।

इस पूरी प्रक्रिया के दौरान डॉक्टर मुकुंद जी श्रीवास्तव (ब्लड बैंक इंचार्ज) जितेंद्र, नागेंद्र, अफसाना बेगम, सविता नंदन, नंदकिशोर विकास, अमित मिश्रा, डॉक्टर संजीव सिंह इत्यादि अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *