
एक्सईएन से मिलकर नागरिकों ने समस्या की शिकायत की
वाराणसी। भीषण उमस भरी गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है तो वही पानी की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। विगत दो माह से शिवपुर के कोइलाहवा क्षेत्र का सैकड़ो परिवार पानी की समस्या से जूझ रहा है। जल संकट से परेशान होकर मंगलवार को दोपहर लगभग 12 बजे कोईलहवा के निवासी कचहरी स्थित आफिस में जलकल विभाग के एक्सईएन से मिल कर समस्या से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि पानी कभी आता है कभी नहीं आता है, कभी-कभी फोर्स इतना कम होता है कि पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पाता। लोगों ने कहा कि क्षेत्रीय जेई को कई बार मौखिक रूप से इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकल सका। मंगलवार को परेशान होकर जलकल विभाग के एक्सईएन के पास शिकायत लेकर पहुंचे। एक्सईएन ओपी सिंह ने बताया कि बाईपास खोलने के कारण प्रेशर खत्म हो जाता है इसलिए पानी नहीं आ पाता। समस्या के निस्तारण हेतु क्षेत्रीय जेई को निर्देशित कर दिया गया है, दो से तीन दिनों के अंदर समस्या का समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर एक्सईएन से मिलने हेतु राजनाथ यादव (पूर्व पार्षद), समाजसेवी राकेश श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश कश्यप, राजेंद्र कुमार, लालजी, शिवधारी, सरोज देवी, कांति देवी, इंदु देवी, पुष्प लता भारती, प्रेम कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
