आवेदन की अंतिम तिथि 19 सितंबर
वाराणसी। उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की कौशल सुधार प्रशिक्षण योजना में वाराणसी जिले को चालू वित्तीय वर्ष में सामान्य वर्ग के 50 लाभार्थियों (दर्जीगिरी एवं ब्यूटी पार्लर हेतु 25-25 अभ्यर्थी) एवं अनुसूचित जाति वर्ग के 125 लाभार्थियों (दर्जीगिरी हेतु 25+25+25 कुल 75 अभ्यर्थी एवं ब्यूटी पार्लर हेतु 25+25 कुल 50 अभ्यर्थी) को निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त किये जाने हेतु लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
उक्त जानकारी देते हुए जिला ग्राम उद्योग अधिकारी यू0पी0 सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु विभाग की वेबसाईट upkvib.gov.in पर
प्रशिक्षण हेतु अभ्यर्थी ऑन लाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों में से स्कोर कार्ड के अनुसार प्रशिक्षण हेतु अभ्यर्थी का चयन जिला ग्रामोद्योग अधिकारी के द्वारा किया जायेगा। स्कोर कार्ड के अनुसार आयु पर 15 अंक, शैक्षिक योग्यता पर 15 अंक, तकनीकी योग्यता पर 10 अंक, राशन कार्ड पर 10 अंक परिवार की वार्षिक आय पर 10 अंक, स्वयं के मकान/भवन/जमीन पर 10 अंक, सम्बन्धित ट्रेड विशेष पर पूर्व में जानकारी हेतु 05 अंक, प्रशिक्षण उपरान्त व्यवसाय लगाने पर वित्तीय प्रबंधन पर 20 अंक, बैंक में खाता संचालन की स्थिति पर 05 अंक की अधिकतम सीमा रखी गयी है। प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण अवधि 15 दिन हेतु प्रत्येक दिन रू0 250/- की दर से छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने का प्रविधान है। ग्रामीण क्षेत्र/नगर पंचायत (जिनकी जनसंख्या 20000 से अधिक न हो) के आवेदक ही प्रशिक्षण हेतु पात्र होंगे तथा सम्बन्धित अभ्यर्थी की आयु न्यूनतम 18 वर्ष एवं अधिकतम 45 वर्ष के मध्य हो। योजना के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु जिला ग्रामोद्योग अधिकारी के सीयूजी नम्बर 9580503155 से प्राप्त किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 19 सितंबर है।
