दिव्यांग पेंशन को लेकर राधा सिंह ने अधिकारियों से की चर्चा, जल्द खाते में पहुंचेगी लंबित धनराशि

 

वाराणसी। वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही की दिव्यांग पेंशन की धनराशि अभी तक प्राप्त नहीं होने वाले दिव्यांगजनों के लिए राहत की खबर है। सदस्य, राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड, उत्तर प्रदेश शासन राधा सिंह ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से दिव्यांग पेंशन के लंबित भुगतान के संबंध में चर्चा की और लाभार्थियों की समस्या के समाधान की जानकारी ली।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कार्यालय की ओर से बताया गया कि दिव्यांग पेंशन योजना के पात्र लाभार्थियों को पेंशन की धनराशि भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में नई एसएनए स्पर्श (SNA-SPARSH) डिजिटल भुगतान प्रणाली के माध्यम से भेजी जा रही है।

यह सरकारी योजनाओं के फंड फ्लो एवं ऑनलाइन भुगतान से जुड़ी नई डिजिटल व्यवस्था है। इसका उद्देश्य वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता बढ़ाने तथा ऑनलाइन फंड फ्लो को बेहतर और सुगम बनाना है।

विभाग के अनुसार नई प्रणाली को लागू करने की प्रक्रिया पूरी होने में लगभग 15 दिन से एक माह तक का समय लग सकता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद छूटे हुए पात्र दिव्यांग लाभार्थियों की पेंशन की धनराशि उनके आधार मैप्ड बैंक खातों में सीधे भेज दी जाएगी।

राधा सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को मिलने वाली पेंशन उनके लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा है। इसलिए पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते का आधार से मैप होना सुनिश्चित करें, ताकि भुगतान के समय किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न आए।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने भी लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने बैंक खाते एवं आधार मैपिंग की स्थिति की जांच कर लें। नई डिजिटल भुगतान प्रणाली लागू होने के बाद पात्र लाभार्थियों की लंबित पेंशन सीधे उनके आधार मैप्ड बैंक खातों में भेजी जाएगी।

जिला प्रशासन की ओर से दिव्यांगजनों से जुड़ी इस महत्वपूर्ण सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का अनुरोध किया गया है, ताकि पेंशन का इंतजार कर रहे लाभार्थियों को सही जानकारी मिल सके और वे अनावश्यक भ्रम से बच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *