
प्रधानाचार्य और निदेशक ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन व आदर्शों से कराया परिचित
वाराणसी। कादीपुर, शिवपुर स्थित कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। शिक्षकों की ओर से लगाए गए विशेष फूड स्टॉल पर बच्चों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि श्रीवास्तव एवं निदेशक आनंद श्रीवास्तव ने बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन परिचय, उनके विचारों और आदर्शों पर प्रकाश डाला। साथ ही बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह और बाल दिवस मनाए जाने के महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से बेहद प्रेम करते थे। बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ संस्कार और नैतिक मूल्यों का होना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नेहरू जी के विचारों से प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़ने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विद्यालय में आयोजित खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। शिक्षकों द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल पर भी बच्चों की खूब भीड़ रही। पूरे विद्यालय परिसर में बच्चों की हंसी, उमंग और उत्साह का माहौल बना रहा। बच्चों ने बाल दिवस को किसी त्योहार की तरह मनाया। कार्यक्रम का आयोजन बच्चों के लिए यादगार और प्रेरणादायक रहा।

Leave a Reply