हुनरमंद महिलाओं को मिलेगा बाजार, टेक्नोलॉजी से संवरेगी आजीविका

 

​वाराणसी। ग्रामीण महिलाओं के पारंपरिक हुनर को रोजगार, तकनीक और बाजार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से साईं इंस्टिट्यूट ऑफ रूरल डेवलपमेंट में विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग और विभिन्न मंत्रालयों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘विरासत से आत्मनिर्भरता’ रहा।

​मुख्य अतिथि एसबीआई बाबतपुर के सीनियर मैनेजर आशीष राय ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता समाज की मजबूती का आधार है। उन्होंने महिलाओं को सुरक्षित डिजिटल लेन-देन अपनाने और बैंक योजनाओं का लाभ उठाकर छोटे उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया। वहीं एआईआरडी के निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि संस्था का लक्ष्य पारंपरिक हुनर को टेक्नोलॉजी, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केट लिंकेज से जोड़कर महिलाओं को स्थायी आय के साधन उपलब्ध कराना है।

​मार्केटिंग एक्सपर्ट अंकित तिवारी ने उत्पादों की पैकेजिंग और डिजिटल मार्केटिंग के जरिए स्थानीय उत्पादों को ‘लोकल से ग्लोबल’ बनाने पर जोर दिया। इसके साथ ही सेबी के जागरूकता अधिकारी अनिल दुबे ने महिलाओं को साइबर सुरक्षा के गुर सिखाते हुए ऑनलाइन ठगी की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। ​कार्यक्रम में अलका सिंह, अनुपमा दुबे, प्रतिमा सिंह सहित कई महिला उद्यमियों ने भाग लिया। स्वागत संबोधन एआईआरडी की टीम, तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रिया सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *