नाटी इमली भरत मिलाप: नगर आयुक्त ने परखीं तैयारियां, दिए कड़े निर्देश

​वाराणसी।नाटी इमली के विश्व प्रसिद्ध भरत मिलाप आयोजन को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

 

इस क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सोमवार को भरत मिलाप मार्ग एवं आयोजन परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

 

​निरीक्षण के दौरान मार्ग पर उत्कृष्ट साफ-सफाई, चूने व कीटनाशक दवाओं का छिड़काव तथा फॉगिंग कराने की जिम्मेदारी प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपी गई। भीड़ नियंत्रण के लिए मुख्य मार्ग और परिसर में मजबूत बैरिकेडिंग तथा सीमेंटेड चबूतरों की रंगाई-पुताई व टूटी इंटरलॉकिंग की मरम्मत के निर्देश मुख्य अभियंता सिविल को दिए गए। इसके अलावा, सायंकाल में पर्याप्त मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिशासी अभियंता मार्ग प्रकाश को निर्देशित किया गया।

 

​श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु उपयुक्त स्थानों पर शुद्ध पेयजल टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ जलकल विभाग के महाप्रबंधक को सीवर चैंबर, गली पीट की सफाई कराने तथा सीवर ओवरफ्लो की समस्या का तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

निरीक्षण के समय पार्षद प्रमोद राय, सहायक अभियंता सिविल, अवर अभियंता जलकल, सफाई निरीक्षक एवं अवर अभियंता मार्ग प्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *