
वाराणसी।सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के कुलपति प्रो बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि संस्कृत का गौरव, भारत का गौरव है। संस्कृत का संरक्षण, हमारी सांस्कृतिक अस्मिता, सभ्यतागत स्मृति और ज्ञानपरम्परा का संरक्षण है।
संस्कृत केवल संवाद का माध्यम नहीं, अपितु भारतीय सभ्यता की आत्मा, सांस्कृतिक स्मृतियों की संवाहिका और ज्ञान की अनन्त सम्भावनाओं का अक्षय स्रोत है। वेदों-उपनिषदों से लेकर रामायण-महाभारत, आयुर्वेद, ज्योतिष, गणित, व्याकरण, साहित्य और दर्शन तक भारतीय मनीषा का अप्रतिम वैभव संस्कृत में ही सुरक्षित है। आज भी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, गुरुकुलों एवं पाठशालाओं में इसका अध्ययन-अध्यापन एवं अनुसन्धान निरन्तर गतिशील है।
कुलपति प्रो बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या का विवरण नहीं, बल्कि राष्ट्र की सामाजिक, भाषायी एवं सांस्कृतिक संरचना का प्रामाणिक दस्तावेज होती है। इसलिए जनगणना-2027 में संस्कृत की वास्तविक उपस्थिति को अभिलिखित कराना हमारा सामूहिक दायित्व है।
*कुलपति की अपील*
1.जिनकी मातृभाषा संस्कृत है, वे मातृभाषा के रूप में संस्कृत का उल्लेख करें।
2. जिन्हें संस्कृत का ज्ञान है और जो इसे पढ़, लिख, बोल अथवा समझ सकते हैं, वे अपनी अन्य ज्ञात भाषाओं में संस्कृत को भी सम्मिलित कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उल्लेख वास्तविक भाषायी ज्ञान पर आधारित होना चाहिए। उद्देश्य आँकड़ों को कृत्रिम रूप से बढ़ाना नहीं, बल्कि संस्कृत के वास्तविक स्वरूप को प्रामाणिकता के साथ राष्ट्रीय अभिलेखों में प्रतिष्ठित करना है।
उन्होंने देश के समस्त संस्कृत विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों, गुरुकुलों, पाठशालाओं, शिक्षक संगठनों, शोध संस्थानों तथा सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों से इस पहल को व्यापक जन-जागरूकता अभियान का स्वरूप देने का आग्रह किया। सभी संस्थान अपने शिक्षकों, विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं अभिभावकों को जागरूक करें और सूचना-पट्टों, आयोजनों, संगोष्ठियों एवं सोशल मीडिया से इसका व्यापक प्रचार करें।
अन्त में उन्होंने कहा संस्कृत केवल हमारे अतीत का गौरव नहीं, वर्तमान की सांस्कृतिक चेतना और भविष्य की ज्ञान-सम्भावनाओं का भी सशक्त आधार है। आइए, संस्कृत के गौरव को अपनी पहचान बनाएं और अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संकल्पबद्ध हों।

Leave a Reply