
वाराणसी। लोक आस्था, पवित्रता, तपस्या एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर रविवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित सूर्य सरोवर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक विधि-विधान एवं अटूट आस्था के साथ अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार तथा समस्त जनमानस के सुख, समृद्धि, आरोग्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
इस पावन अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने सूर्य सरोवर पहुंचकर विधिवत पूजन-अर्चन किया तथा अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर लोक कल्याण एवं जनमानस की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस वर्ष छठ पूजा आयोजन का विशेष आकर्षण सूर्य देव की सात अश्वों से युक्त रथ पर विराजमान भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा रही जिसे सूर्य सरोवर परिसर में अत्यंत मनोहारी स्वरूप में स्थापित किया गया था। प्रतिमा की दिव्यता एवं आकर्षक सज्जा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, आकर्षक रोशनी एवं मनमोहक सजावट से सुसज्जित सूर्य सरोवर परिसर की छटा देखते ही बन रही थी।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) एवं छठ समिति के संरक्षक श्री राम जन्म चौबे, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) श्री प्रवीण कुमार, मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर श्री मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर – निरीक्षण श्री भारद्वाज चौधरी तथा उप महाप्रबंधक श्री सागर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पूजन-अर्चन कर इस पावन पर्व में सहभागिता की।
छठ महापर्व के उल्लास में पूरा बरेका परिसर भक्तिमय नजर आया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी माताओं एवं बहनों द्वारा गाए जा रहे छठी मइया के मधुर एवं भावपूर्ण लोकगीतों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। सरोवर के जल में अस्ताचलगामी सूर्य की लालिमा, दीपों की जगमगाहट और श्रद्धालुओं की सामूहिक सूर्य वंदना ने आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।
इस अवसर पर विशेष भजन संध्या का आयोजन किया गया। साथ ही हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का श्रद्धापूर्वक पाठ हुआ, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिरस में सराबोर हो उठा। छठी मइया के जयकारों एवं भक्ति संगीत से पूरा वातावरण आध्यात्मिक उल्लास से गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर कर्मचारी परिषद के सदस्य श्री श्रीकांत यादव, श्री नवीन कुमार सिन्हा, श्री मनीष कुमार सिंह एवं श्री संतोष कुमार यादव भी उपस्थित रहे।
इस विशाल एवं भव्य आयोजन को सफल बनाने में छठ समिति, बरेका के संस्थापक श्री सी.के. ओझा, अध्यक्ष श्री अनूप सिंह वत्स, कार्यकारी अध्यक्ष श्री कमलेश सिंह, महामंत्री श्री अजय आर, कोषाध्यक्ष श्री गणेश कुमार एवं श्री नीलेश कुमार सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार ने बताया कि हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, रेलवे सुरक्षा बल,नागरिक सुरक्षा दल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड एवं जिला भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। सभी संबंधित विभागों एवं सुरक्षा एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
संपूर्ण कार्यक्रम का सुरुचिपूर्ण एवं प्रभावशाली संचालन श्री राकेश पाण्डेय एवं श्रीमती दीपा मिश्रा ने किया।
छठ महापर्व के इस पावन आयोजन ने बरेका परिसर को लोक आस्था, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत एवं सामूहिक सहभागिता के रंग में रंग दिया। सूर्य सरोवर पर उमड़ा श्रद्धा का यह जनसैलाब भारतीय संस्कृति की उस अनुपम परंपरा का सजीव प्रतिबिंब बना, जिसमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, परिवार की मंगलकामना और समस्त विश्व के कल्याण की भावना समाहित है।

Leave a Reply