आईए जानते हैं दीपावली 2024 कब है कैसे मनाए ?

 

रिपोर्ट :- उपेन्द्र कुमार पांडेय, आजमगढ़ 

 

आजमगढ़। इस वर्ष दीपावली 31 अक्तूबर 2024 को मनाई जाए या फिर 01 नवंबर 2024 को दीपावली की तारीख को लेकर भ्रम की स्थिति है क्योंकि इस वर्ष कार्तिक अमावस्या की तिथि एक दिन से लेकर दूसरे दिन तक पड़ रही है। दीपावली की तारीख को लेकर आपके मन में चल रही दुविधा को दूर करने के लिए ज्योतिषाचार्य पं ऋषिकेश शुक्ला ने बताया कि हिंदू सनातन धर्म में वैदिक पंचांग के आधार पर तिथियों और व्रत-त्योहारों की गणनाएं की जाती हैं।

पंचांग के अनुसार हर वर्ष कार्तिक माह की अमावस्या तिथि पर दीप का पर्व दीपावली मनाई जाती है,लेकिन इस बार अमावस्या तिथि दो दिन है यानी कार्तिक अमावस्या तिथि 31 अक्तूबर 2024 को भी और 01 नवंबर 2024 को भी है।

हिंदू धर्म में तिथियों का विशेष महत्व होता है और इनमें उदया तिथि का तो और भी महत्व होता है। हिंदू धर्म में व्रत-त्योहार उदया तिथि के आधार पर ही मनाया जाता है। उदया तिथि से मतलब दिन में सूर्योदय के समय जो तिथि होती है उसको ही महत्व दिया जाता है। इस तरह से कुछ लोग उदया तिथि को महत्व देते हुए दीपावली 01 नवंबर 2024 को मनाना ज्यादा अच्छा समझ रहे हैं।

दीपावली पर लक्ष्मी गणेश की पूजा हमेशा प्रदोष काल से लेकर मध्य रात्रि के बीच में पड़ने वाली कार्तिक अमावस्या के दौरान मनाया जाता है, इसलिए दीपावली 31अक्तूबर 2024 को ही मनाया जाएगा।

शास्त्रों में दीपावली पर लक्ष्मी गणेश की पूजन हमेशा अमावस्या तिथि के रहने पर और प्रदोष काल मतलब सूर्यास्त के बाद से लेकर देर रात तक करने का विधान होता है यानी अमावस्या तिथि, प्रदोष काल और निशिता काल के मुहूर्त में दीपावली मनाना शुभ माना गया है। अमावस्या तिथि रहें तो प्रदोष काल से लेकर आधी रात को लक्ष्मी पूजन करना और दीपावली मनाना ज्यादा शुभ व शास्त्र सम्मत रहता है।

दरअसल ऐसी धार्मिक मान्यता है कि मां लक्ष्मी का प्रादुर्भाव प्रदोष काल में ही हुआ था, जिसके चलते निशीथ काल में मां लक्ष्मी की पूजा और उनसे जुड़े सभी तरह की साधनाएं आदि करना विशेष महत्व का होता है।

भारतीय वैदिक पंचांग के अनुसार इस वर्ष अमावस्या तिथि 31 अक्तूबर 2024 को दोपहर 3 बजकर 12 मिनट पर शुरू हो जाएगी, जो 01 नवंबर 2024 की शाम 05 बजकर 14 मिनट तक रहेगी। इस तरह से दीपावली पर सभी तरह की वैदिक स्थितियां 31 अक्तूबर 2024 के दिन लागू रहेगी जबकि 01 नवंबर 2024 को अमावस्या तिथि सूर्योदय के दौरान रहेगी लेकिन समाप्ति शाम को 05 बजकर 14 मिनट पर हो जाएगी।

वहीं दूसरी ओर कुछ पंचांगों में अमावस्या तिथि की समाप्ति सूर्यास्त से पहले ही बताई जा रही है। व्रत-त्योहारों की तारीखों को लेकर ज्यादतर मामलों में उदया तिथि का विशेष महत्व दिया जाता है, लेकिन कुछ विशेष परिस्थितियों में अन्य चीजों और मुहूर्तों को ध्यान में रखते हुए मिलने वाली तिथि का अधिक महत्व दिया जाता है। इस कारण जिस रात्रि को प्रदोष काल से लेकर मध्य रात्रि के बीच व्याप्त रहने वाली अमावस्या तिथि को ध्यान में रखते हुए दीपावली का पर्व 31 अक्तूबर 2024 को मनाए जाएगी।

पूजन मुहूर्त 31 अक्तूबर 2024 को प्रदोष काल शाम 05 बजकर 42 मिनट से लेकर 08 बजकर 52 मिनट तक रहेगा। वहीं वृषभ लग्न शाम 06 बजकर 28 मिनट से लेकर रात को 08 बजकर 24 मिनट तक रहेगा। ऐसे में गृहस्थ लोग इस समय के दौरान लक्ष्मी गणेश पूजन करना शुभकारी रहेगा ।

लक्ष्मी पूजा मुहूर्त (निशितकाल) 31 अक्तूबर 2024 को निशीथ काल में पूजा करने लिए शुभ मुहूर्त रात 11 बजकर 36 मिनट से लेकर 12 बजकर 22 मिनट तक रहेगा।

मां लक्ष्मी का प्रादुर्भाव प्रदोष काल में हुआ था और स्थिर लग्न में मां लक्ष्मी की पूजन करने से महालक्ष्मी स्थिर रहती हैं। ऐसे में दिवाली पर प्रदोष काल में पड़ने वाले वृषभ लग्न में ही महालक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन करना अति उत्तम रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *