
वाराणसी। विकसित भारत के संकल्प और किसान कल्याण को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड काशी विद्यापीठ में बहुउद्देशीय सेवा शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रहे। उन्होंने ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों शुद्धू राम, रविशंकर, मोती, राजेंद्र समेत अन्य किसानों को सरसों बीज मिनीकिट वितरित किए।
बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। शिविर में किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और कृषि निवेश उपलब्ध कराकर उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि पद्धतियां अपनाने तथा किसान कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply