वाराणसी। दक्षिण भारत की सुप्रसिद्ध पीठ विशाखा शारदा पीठम द्वारा शिवाला स्थित चेत सिंह किला परिसर में आयोजित तीन दिवसीय अध्यात्मिक समागम सनातन कुन्ज के तहत समापन समारोह मे मंगलवार को विशाखा श्री शारदा पीठम के पीठाधिपति महास्वामी श्री श्री श्री स्वरूपानन्देन्द्र सरस्वती जी महाराज एवं विशाखा श्री शारदा पीठम के उत्तराधिकारी स्वामी श्री स्वात्मानन्देन्द्र सरस्वती जी महाराज ने प्रात: जगद्गुरु आदि शंकराचार्य जी की पूजा एवं सर्प स्वरूपा मनसा देवी यंत्र की आराधना की।

इस संदर्भ में जानकारी देते हुए विशाखा श्री शारदा पीठम के महा प्रबंधक पी किशोर ने बताया कि इस भव्य अध्यात्मिक समागम मे मंगलवार को श्री सीताराम कल्याणम और राज्याभिषेक के साथ दोपहर मे कवि सम्मेलन तथा काशी विद्वत सभा द्वारा गोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्वत सभा मे प्रो राम नारायण द्विवेदी के संचालन मे अन्नपूर्णा मन्दिर के महंत शंकर पुरी जी महाराज,स्वामी जितेन्द्रानंद सरस्वती जी महाराज सहित अनेक विद्वानों ने अपने विचार रखे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अन्तर्गत विजयवाडा से पधारे कलारत्न वी वी विश्वनाथ, एम सुधाकर,श्रीमती एम अन्जना,डॉ एम शारदा सुब्रह्मण्यम,श्रीमती पी प्रणवी किशोर ने कर्नाटक संगीत मे सुमधुर गायन प्रस्तुत किया।जिसमे मृदंगम पर बी एस पी प्रसाद एवं वायलिन पर पंडित सुखदेव मिश्र ने संगत किया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं ने भाग लिया।

सायं विशाखा श्री शारदा पीठम के पीठाधिपति महास्वामी श्री श्री श्री स्वरूपानन्देन्द्र सरस्वती जी महाराज ने स्वगुरु पूजा महोत्सव मे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्वगुरु का पूजन अर्चन किया।तत्पश्चात महास्वामी श्री श्री श्री स्वरूपानन्देन्द्र सरस्वती जी महाराज के अनुग्रह भाषण के साथ यज्ञ प्रसाद का वितरण एवं सभी वैदिक विद्वानों का सत्कार किया गया।

कार्यक्रम में देश के कई प्रमुख संत महंत भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम मे प्रमुख रूप से मथुरा गोवर्धन से पधारे हरिदेव सेवायत स्वामी अमित गोस्वामी ,योगिनी पीठ गोवर्धन,मथुरा के अवध सरकार,ऋषिकेश के सुबोधानंद फाऊंडेशन के स्वामी ध्रुव चैतन्य सरस्वती जी,बेवर विदुर आश्रम से पधारे कुमार आनंद गिरिजी,कुरुक्षेत्र की गुमती माता जी, अवधूत दत्त पीठम के उत्तराधिकारी स्वामीजी, आंध्रा आश्रम के ट्रस्टी वी वी सुन्दर शास्त्री,शारदा पीठम ,वाराणसी के महाप्रबंधक पी किशोर कुमार,प्रबंधक,पी रामकृष्ण ,कांची मठ के प्रबंधक वी सुब्रमण्यम मणि,श्रीनिवास जी, टी गजानन जोशी,सी बी सुब्रमण्यम, चक्रवर्ती विजय नावड सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *