
वाराणसी। दुस्साहसी बदमाशों ने शिवपुर थाना क्षेत्र के भोजूबीर निवासी रिटायर्ड डिप्टी एसपी के घर को निशाना बनाया और उनकी पत्नी व बहु से केमिकल द्वारा बर्तन व आभूषण साफ करने का बहाना बनाकर लाखों रुपए के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 24 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार रिटायर्ड डिप्टी एसपी योगेंद्र राय के घर शुक्रवार की दोपहर लगभग एक बजे बाइक सवार दो व्यक्ति पहुंचे उस वक्त योगेंद्र राय एवं उनके पुत्र अभिनव घर पर नहीं थे। उचक्कों ने उनकी पत्नी वह बहू से कहा कि उनके पास एक ऐसा पाउडर है जिससे बर्तन और सोने चांदी के आभूषण को साफ किया जा सकता है। उचक्कों की बात पर विश्वास कर दोनों महिलाएं कुछ बर्तन उसे साफ करने के लिए दी, तो बदमाशों ने उसे चमका दिया, फिर कहा कि आपके गले में जो लॉकेट है उसे भी चमकाया जा सकता है। महिलाओं ने अपना-अपना सोने का लॉकेट चेन समेत व मंगलसूत्र उसे दिया जिसे वह एक बर्तन में बंद कर इंडक्शन पर गर्म करने हेतु रख दिया और कहा की पानी ठंडा होने के बाद उसे निकाल लीजिएगा। आपका आभूषण साफ हो जाएगा। इतना करते हुए दोनों उचक्के वहां से फरार हो गए। महिलाओं ने शंका होने पर जब बर्तन का पानी गिराया तो उसमें से सोने का चेन व मंगलसूत्र गायब था, वह तुरंत दरवाजे की तरफ भाग कर उसे पकड़ने गयी लेकिन तबतक दोनों बदमाश आभूषण लेकर रफूचक्कर हो चुके थे। पीड़ित ने तत्काल घटना की जानकारी शिवपुर पुलिस को दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चौबीस घंटे के अंदर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर आभूषण बरामद किया।
