
कम्यूनिटी पुलिसिंग हेतु थानेवार सिविल डिफेंस/ रेडक्रॉस के नये सदस्यों को जोड़ने हेतु निर्देशित किया ताकि उचित अवसरों पर उनकी मदद ली जा सके
वाराणसी। पुलिस कमिश्नर मोहित तथा मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा की अध्यक्षता में आगामी महाकुंभ की तैयारियों के संबंध में बैठक आहूत हुई जिसमें उन्होंने सभी संबंधित विभागों से उनकी तैयारियों के संबंध में विभागवार जानकारी ली। समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभागों द्वारा अपनी तैयारियों को बताया गया जिसमें अधिकतर विभागों की तैयारियां पूरी पायी गयीं। नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार कैंप करेगी जिससे तत्काल समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जा सके। बसों, ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा तथा नावों के किराये निर्धारण के साथ भिक्षावृत्ति व प्लास्टिक मुक्त शहर सुनिश्चित करने को कहा गया। सड़कों के कार्यों के साथ सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने को कहा गया ताकि महाकुंभ के दौरान वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। वाराणसी में कहीं जाम की समस्या नहीं मिले इसको सुनिश्चित किया जाये। 3 से 26 फरवरी के मध्य प्रमुख अखाड़े तथा साधु-संतों का बृहद स्तर पर आगमन वाराणसी में होगा, उक्त के दौरान सभी तैयारियों हेतु अभी से पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।
मंडलायुक्त द्वारा महाकुंभ की तैयारियों के संबंध में सर्वप्रथम लोकनिर्माण विभाग की समीक्षा की गयी जिसमें बताया गया कि सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया गया है तथा निर्माणाधीन सभी छह सड़कों पर कार्य पूर्ण कराने हेतु तेज गति से कार्य किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए सभी निर्माणाधीन सड़कों पर कैरिजवे सही करते हुए चौड़ीकरण का कार्य करने को निर्देशित किया ताकि आवागमन सुचारू रूप से चलता रहे। सड़क संकेतक तथा जेब्रा लाइन के संबंध में लोकनिर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि सड़कों पर 25 जगहों पर संकेतक लगाने के साथ 34 जगह जेब्रा लाइन बनाया गया है जिसको आज रात तक पूरा करा लिया जायेगा तथा चिन्हित स्थलों पर पेंट की पट्टी बनाने का कार्य प्रगति पर है। ट्रैफिक, परिवहन तथा लोकनिर्माण विभाग के साथ संयुक्त सर्वे करते हुए सभी ब्लैक स्पॉट, विगत कुछ महीनों में दुर्घटना वाली जगहों तथा निर्माण के वजह से कोई ब्लैक स्पॉट बना हो तो उन सभी को चिन्हित करते हुए उसको दुरुस्त करते हुए उचित जगहों पर यातायात संकेतक लगाने का निर्देश दिया। परिवहन विभाग को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साथ सभी राजमार्गों पर ब्लैक स्पॉट दुरुस्त करने के साथ ही सभी थानों से चिन्हित स्पॉट की लिस्ट लेकर उसको तत्काल प्रभाव से दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।
पर्यटन विभाग के उप निदेशक द्वारा बताया गया कि कुम्भ के दृष्टिगत प्रमुख चौराहों पर 9 हेल्पडेस्क बने हैं जिसपर ड्यूटी लगायी गयी है तथा पैम्फलेट, परचे आदि बटवाने के कार्यों में तेजी लायी गयी है। उन्होंने कहा की हेल्प डेस्क पर ड्यूटीरत लोग ऐक्टिव होकर आमजनों की सेवा करें। परिवहन विभाग द्वारा बताया गया कि ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा आदि के फिटनेस चेक, ड्राईवरों के सत्यापन व नेत्र परीक्षण आदि के कार्य पूरे करा लिये गये हैं तथा हरहुआ, जगतपुर पर बने अस्थायी बस अड्डों पर पानी, मोबाइल टॉयलेट, कॉटेज, कंबल, रज़ाई आदि की उचित व्यवस्था करा ली गयी है। पुलिस कमिश्नर द्वारा अस्थायी बस अड्डों पर सीसीटीवी लगाने हेतु भी निर्देशित किया गया। मंडलायुक्त ने सभी वाहनों पर परावर्तक लगाते हुए बसों के निर्धारित किराये को हिन्दी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में बस अड्डों, अस्थायी बस अड्डों, मीडिया, सोशल मीडिया आदि पर प्रचारित-प्रसारित करने को कहा। उन्होंने सड़क पर कोई अनफिट वाहन दौड़ते नहीं पाया जाये ये भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। रोडवेज द्वारा बताया गया कि सारिणी तथा बसों की सूचीबद्धता को जारी कर दिया गया है तथा जरूरत पड़ने पर बसों का संचालन गोलगड्डा बस स्टैंड से भी किया जायेगा। दोनों जगहों पर रैनबसेरे श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु क्रियाशील है तथा टॉयलेट, बाथरूम की उचित व्यवस्था भी की गयी है।
पुलिस कमिश्नर ने रोडवेज के बसों को बस स्टेशन से निकलकर सड़क पर खड़ा करने से मना करते हुए उक्त के रोकथाम हेतु ड्यूटी लगाने को निर्देशित किया। मंडलायुक्त ने सभी रोडवेज कर्मचारियों हेतु आईडी कार्ड की व्यवस्था करने तथा उक्त के साथ उनका फोन नंबर सहित ट्रैफिक पुलिस को देने हेतु निर्देशित किया। नगर निगम, परिवहन विभाग तथा ट्रैफिक पुलिस को संयुक्त टीम बनाकर सभी जगहों के ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा के किराये तय करते हुए उनको फ्लेक्स पर तथा अखबारों के माध्यम से प्रदर्शित करें ताकि कोई भी बाहरी श्रद्धालुओं से अनावश्यक किराया न वसूल करे जिससे वाराणसी की छवि खराब हो। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बताया गया कि सभी तैयारियां पूर्ण करा ली गयी हैं तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग को होटेलों, दुकानों, ठेलों आदि पर संचालित खाद्य सामग्रियों की गहन चेकिंग करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने, कोई कमी हो तो उसको दूर करने तथा हाइजीन मेनटेन करने को कहा गया ताकि किसी श्रद्धालु की धार्मिक भावना आहत न हो। स्वास्थ्य विभाग को सभी सीएचसी, पीएचसी, जिला अस्पतालों में उचित व्यवस्था करने के साथ महाकुंभ हेतु चार बेड आरक्षित रखने को निर्देशित किया गया तथा आपातकालीन चिकित्सा को पूरी तैयारी से मुस्तैद रहने को निर्देशित किया गया है। सभी तीनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों, घाट पर एम्बुलेंस सेवा के साथ, मोबाइल मेडिकल यूनिट को लगातार ऐक्टिव रखने हेतु निर्देशित किया गया। निजी अस्पतालों से भी वार्ता करते हुए उनको किसी भी आपातकालीन सेवा के लिए तत्पर रहने को कहा जाये। एडीएम एफआर वंदिता श्रीवास्तव ने बताया की आपदा ट्रेनिंग के साथ 300 राहत मित्र को नियुक्त किया गया है। मंडलायुक्त ने घाटों पर गोताखोरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को निर्देशित किया। कंट्रोल रूम में शिकायत हेतु नंबर जारी करने, बुकलेट बनाने जिसमें सभी प्रमुख मार्गों से घाटों, मंदिर, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन से दूरी आदि प्रमुखता से अंकित करने को कहा गया।
नगर निगम को जल पुलिस के साथ फ्लोटिंग जेटी, डीप वाटर बैरिकेड्स प्रमुख घाटों पर लगाने हेतु कहा गया जिसपर नगर निगम द्वारा बताया गया कि 10 घाटों पर बैरिकेडिंग करा ली गयी है। जल पुलिस को सीटी के साथ जल पुलिस लिखे जैकेट रखने हेतु कहा। सभी घाटों पर खोया पाया केंद्र स्थापित करने को निर्देशित किया गया। किसी भी आपात स्थिति में गुणवत्तायुक्त भोजन पैकेट व पीने के पानी का उचित प्रबंध हेतु तैयारी रखने को कहा। विकास प्राधिकरण को प्रमुख चौराहों पर मूर्ति लगाने तथा सुंदरीकरण के कार्यों में तेजी लाने को निर्देशित किया गया।
मंडलायुक्त ने पुरानी काशी, सारनाथ, कैंट, एयरपोर्ट तथा होटल क्षेत्र व गलियों में विशेष सफाई अभियान के साथ कोई सीवरेज लीकेज न होने पाये इसको सुनिश्चित करने के साथ कूड़ा उठान व डोर टू डोर कूड़ा अभियान पर सख्ती बरतने को कहा जिसपर अपर नगर आयुक्त दुष्यंत मौर्य द्वारा सफाई व्यवस्था के संबंध में बताया गया कि 700 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के साथ शहर में रात्रिकालीन सफाई के साथ घाटों पर तीन शिफ्ट में सफाई करायी जा रही है। मंडलायुक्त द्वारा फरवरी माह से गंगा उस पार भी सफाई व्यवस्था कराने हेतु निर्देशित किया गया। प्लास्टिक मुक्त अभियान के संबंध में अपर नगर आयुक्त सविता यादव द्वारा बताया गया कि प्लास्टिक मुक्त शहर पर सख्ती करते हुए 650 टन प्लास्टिक अब तक जब्त करते हुए एक लाख निःशुल्क झोला का वितरण किया गया है।
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा द्वारा बताया गया कि 13 रैनबसेरे स्थायी तथा 19 अस्थायी रैनबसेरे बनाये गये हैं तथा 15 और अस्थायी रैनबसेरों को क्रियाशील किया गया है ताकि अधिकाधिक लोगों को आश्रय दिया जा सके। मंडलायुक्त ने गंगा में नाव संचालन के दौरान सेफ्टी जैकेट, किराये का निर्धारण तथा भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने हेतु नगर निगम, जल पुलिस तथा ट्रैफिक पुलिस को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को निर्देशित किया। गंगा नदी में साबुन, शैंपू का प्रयोग सख्ती से प्रतिबंधित करने के साथ कोई पाउच नहीं छोड़े इसको भी सुनिश्चित किया जाये। कम्यूनिटी पुलिसिंग हेतु थाने वार सिविल डिफेंस तथा रेड क्रॉस के नये सदस्यों को जोड़ने हेतु निर्देशित किया ताकि उचित अवसरों पर उनकी मदद ली जा सके।
जलकल विभाग द्वारा बताया गया कि 39 पानी के टैंकर लगातार क्रियाशील हैं जिनको विभिन्न रैनबसेरे, अस्थायी बस अड्डों पर लगाया गया है। जलनिगम को कोई भी सीवरेज लीक नहीं होने पाये इसको सुनिश्चित करने हेतु लगातार अभियान चलाने को निर्देशित किया गया। पुलिस विभाग को व्यापार मंडल के साथ बैठक करते हुए साफ-सफाई, मूल्य नियंत्रण तथा उनको आने वाले श्रद्धालुओं, तीर्थयात्रियों से कुशल व्यवहार करने, काशी को प्लास्टिक फ्री बनाने में मदद करने में उनके सहयोग की अपेक्षा की बात कही गयी। मंडलायुक्त ने पूरे शहर में भिक्षावृत्ति मुक्ति हेतु पुलिस तथा प्रशासन द्वारा संयुक्त अभियान चलाने, कोई खुले में नहीं सोये इसको सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। बिजली विभाग को सभी पोल शिफ्टिंग, जर्जर तारों को बदलने के कार्यों को तत्काल प्रभाव से पूरा करने को निर्देशित किया गया। भाषिनी एप को अधिकाधिक संख्या में लोगों के बीच प्रसारित करने को कहा गया। महाकुंभ को विश्व स्तरीय कुम्भ के रूप में आयोजित किया जा रहा है जिसको पूरी तरह प्लास्टिक फ्री, ओडीएफ फ्री किया गया है। महाकुंभ में जाने वाले सभी लोग अपनी *थाली-थैला* साथ ले जायें।
बैठक के उपरांत पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा तथा जिलाधिकारी एस राजलिंगम द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर का निरीक्षण किया गया तथा मंदिर से लगायत गंगा घाट तक श्रद्धालुओं की सुविधानुसार उचित प्रबंध करने हेतु दिशानिर्देश दिये गये। बैठक में जिलाधिकारी एस राजलिंगम, अपर पुलिस आयुक्त वाराणसी कमिश्नरेट एस चिनप्पा, डीसीपी ट्रैफिक वाराणसी, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी व पुलिस विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
