
वाराणसी/प्रयागराज। महाकुम्भ पर स्पिक मैके तथाएचसीएल एवं जेबीएल के सहयोग से आयोजित अनहद नाद में शनिवार को लोकसंगीत एवं शास्त्रीय संगीत का सुरसंगम सेक्टर 24 में स्थित डीपीएस प्रयागराज में देखने को मिला। शुभारम्भ लोकप्रिय लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी के होरी चैती के गायन से हुआ। संगम क्षेत्र में उनकी गायकी को सुनकर श्रोतागण मंत्रमुग्ध हो गए और तालियों से उनके लोक गायन का सम्मान किया। एक बार के लिए ऐसा लगा मानो धरती पर देवलोक का आगमन हो गया हो। हारमोनियम पर अनुराग मिश्र एवं तबले पर शुभम पटवा ने संगत किया। अगली प्रस्तुति में पद्मभूषण पंडित साजन मिश्रा एवं पंडित स्वरांश मिश्र ने बड़ा ख्याल ‘ऐ री मैं कैसे घर जाऊं’, छोटा ख्याल ‘जमुना जल मोहे भरन ना देत’ और भजनों की प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। हारमोनियम पर अनुराग मिश्र और तबले पर पंडित विनोद मिश्र जी ने संगत किया। स्वागत डीपीएस की निदेशक सोनू सिंह, संचालन शांभवी शुक्ला और धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य सुजाता सिंह ने दिया।इस अवसर पर ऋषि मिश्रा, डॉ मधु शुक्ला, रुचि बनर्जी आदि थे।
