वाराणसी। प्रयागराज महाकुंभ से लाए गए त्रिवेणी संगम के पवित्र जल से शुक्रवार को 8.30 से 9.30 बजे केंद्रीय कारागार के बन्दियों ने अमृत स्नान किया। इसके पूर्व गुरुवार को सेंट्रल जेल परिसर में स्थित हनुमान जी के मंदिर में प्रयागराज महाकुंभ से ले गए अमृत जल कलश को वैदिक मंत्रो द्वारा श्रद्धा पूर्वक स्थापित किया गया। शुक्रवार को सुबह कारागार परिसर में स्थित चारों सर्कल में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा वातावरण हर हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान होता रहा। सभी अधिकारी, कर्मचारी, लंबरदार एवं अन्य बन्दियों ने इस भव्य कलश यात्रा में भाग लिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे यह भव्य महाकुंभ केंद्रीय कारागार परिसर में ही आयोजित हुआ हो। शासन के निर्देशानुसार यह पहल बंदियों में सकारात्मकता और आध्यात्मिकता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है। साथ ही उत्तर प्रदेश शासन की सोच है कि बंदी भी समाज का हिस्सा हैं और उन्हें भी धार्मिक एवं आध्यात्मिक अवसरों में शामिल किया जाना चाहिए। इस आयोजन से उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और नया दृष्टिकोण विकसित होगा। इस पवित्र आयोजन के अवसर पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधा कृष्ण मिश्र, जेलर वीरेंद्र कुमार वर्मा, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्रा, अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *