वाराणसी। शिवपुर स्थित चंद्रा ग्रीन्स वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में शनिवार को होली मिलन समारोह एवं विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर उपभोक्ता जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में काफी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। मुद्रास्फीति एवं उपभोक्ता अधिकार विषय पर चर्चा की गई। बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी विकास रंजन और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी विकास कुमार ने उपभोक्ता अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जागरूकता ही शोषण से बचने का सबसे बड़ा उपाय है। अधिकारियों ने बैंक खाते के संचालन सरकार द्वारा घोषित वित्तीय सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दिया। डॉ. विशाल श्रीवास्तव ने बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी दिया और उससे बचाव का उपाय बताया। संस्था के अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जानकारी के अभाव में उपभोक्ता अक्सर अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से जागरूक रहने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। महिलाओं ने भी उपभोक्ता अधिकारों पर अपने विचार रखा। जिसमे शशिराय, रिंकी सिंह एवं पुष्पा श्रीवास्तव ने विस्तृत जानकारी दिया। संचालन संस्था के सचिव राजीव सिंह किया।