वाराणसी। भारत सरकार की प्रतिष्ठित संस्था इंडो-डेनिश टूल रूम के विस्तार केंद्र सैमसंग टेक्निकल स्कूल द्वारा साईं इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल डेवलपमेंट बसनी में एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सैमसंग टेक्निकल स्कूल के प्रभारी एवं आई डी टी आर के वरीय प्रबंधक (प्रशासन) आशुतोष कुमार ने प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत मिलने वाले नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईटीआई, डिप्लोमा और बी.टेक इंजीनियरिंग के छात्र इस योजना के अंतर्गत निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं, जिसके बाद उनके प्लेसमेंट की व्यवस्था भी संस्थान द्वारा की जाएगी। इस योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 मार्च है, जबकि 27 मार्च से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। श्री कुमार ने उद्यमिता के महत्व पर विशेष जोर देते हुए युवाओं को स्वरोजगार और स्टार्टअप की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आईपीआर एवं उद्यमिता विशेषज्ञ संजय रस्तोगी ने भी उद्यमिता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बौद्धिक संपदा अधिकार और नवाचार कैसे उद्यमियों को प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने में मदद कर सकते हैं। इस अवसर पर साईं इंस्टीट्यूट के निदेशक अजय सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत और अनुपमा दुबे ने कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर प्रत्यूष श्रीवास्तव, राम सागर, संजय सिंह, रेनू सिंह, ममता सिंह, दुर्गा देवी सहित 30 महिलाओं सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने भाग लिया और उद्यमिता के विभिन्न अवसरों पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *