
वाराणसी। भारतीय क्रिकेट जगत के प्रख्यात खिलाड़ी विनोद कांबली का मंगलवार को संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में भव्य स्वागत किया गया। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी शैली के लिए प्रसिद्ध विनोद कांबली ने विद्यालय में विशेष संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों से क्रिकेट और खेल से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें साझा किया। विद्यालय के संस्था सचिव राहुल सिंह एवं संस्था निदेशिका डॉ. वंदना सिंह ने कांबली का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्रिकेट के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए आभार प्रकट किया। विद्यालय की क्रिकेट टीम के कप्तान रौनक सिंह ने अपनी टीम के साथ कांबली से विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने बड़े उत्साह के साथ उत्तर दिया।
खेल में सफलता का मंत्र साझा करते हुए कांबली ने कहा कि क्रिकेट हो या जीवन, दिल और दिमाग का संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि निडर होकर खेलना और निरंतर अभ्यास सफलता की कुंजी है। साथ ही, उन्होंने अपने क्रिकेट करियर की यादों को ताज़ा करते हुए कई प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से जुड़े रोचक किस्से भी सुनाए।
कार्यक्रम में शैलेश ठाकुर, दिलीप सिंह, क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष पवन सिंह, पंकज श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का माध्यम भी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यालय विद्यार्थियों के खेल-कौशल को निखारने के लिए हर संभव प्रयास करता रहेगा।
सिर्फ दिमाग नहीं, दिल से खेलें क्रिकेट – इस प्रेरणादायक संदेश के साथ विनोद कांबली ने विद्यार्थियों को मेहनत और समर्पण की राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दिया।
