
वाराणसी। केंद्रीय कारागार में सोमवार को ईद का त्यौहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रमजान महीने के समापन पर सभी मुस्लिम बंदियों ने कारागार परिसर स्थित इमाम हॉल में ईद की नमाज अदा की। नमाज अदा करने के लिए विशेष रूप से बाहर से काजी साहब को आमंत्रित किया गया था। जिन्होंने सुबह 10 बजे पूरे जमात को खुतबा पढ़ाकर ईद की नमाज अदा करवाई। नमाज समाप्त होने के बाद सभी बंदियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस शुभ अवसर पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र ने कारागार में निरुद्ध सभी बंदियों को ईद एवं नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। ईद के उपलक्ष्य में सभी बंदियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई।जिसमें सेवइयाँ भी परोसी गईं। कारागार में निरुद्ध मुस्लिम एवं हिंदू बंदियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में ईद एवं नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस वर्ष चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ माँ आदि शक्ति स्वरूप की प्रतिमा स्थापित की गई थी। जिसका विसर्जन रामनवमी के पश्चात किया जाएगा। नवरात्रि के प्रथम दिन माँ शैलपुत्री की पूजा संपन्न हुई, जिसमें कारागार के अधिकारी, कर्मचारीगण एवं निरुद्ध बंदियों ने पूरे विधि-विधान के साथ माँ की पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, कारापाल अखिलेश कुमार, उप कारापाल अतुलेश कुमार मिश्र, अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह बाल्मिकी, केंद्रीय कारागार में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे उप कारापाल एवं अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी थे।
