
वाराणसी। रविवार सुबह आई तेज आंधी ने कादीपुर (शिवपुर) क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। आंधी के चलते एक पुराना सेमर का पेड़ और बिजली का पोल एक मकान की दीवार पर जा गिरा जिससे दीवारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
कादीपुर निवासी मोहम्मद हुसैन जो पेशे से ड्राइवर हैं और निजी गाड़ी चलाते हैं। उन्होंने बताया कि आंधी के समय वह अपने कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी मां शांहवीरा बेगम दूसरे कमरे के बाहर लेटी हुई थीं। अचानक मकान के पास स्थित पुराना सेमर का वृक्ष भरभराकर दीवार पर गिर पड़ा। पेड़ की डालियों में उलझकर बिजली का पोल भी दीवार पर आ गिरा।
हुसैन ने बताया कि हादसे में उनकी मकान की दीवार पूरी तरह टूट गई। वहीं दीवार की एक ईंट का टुकड़ा उनकी मां की कमर में जा लगा, जिससे उन्हें हल्की चोट आई। गनीमत रही कि उस समय कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।
स्थानीय लोग घटना के बाद मौके पर जुट गए और मलबा हटाने में सहायता की। मोहम्मद हुसैन ने प्रशासन से क्षतिपूर्ति की मांग करते हुए कहा कि जर्जर पेड़ों और ढीले बिजली के खंभों को लेकर समय रहते कदम उठाए जाएं। जिससे भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।









Leave a Reply