
वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन विशिष्ट गेस्ट हाउस ‘संस्कृति सत्कार सदन’ का आकस्मिक निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का मौके पर गहन अवलोकन करते हुए कार्यदायी संस्था आवास विकास के अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए।
कुलपति ने गेस्ट हाउस के मार्ग, पार्किंग, ड्रेनेज, पार्क एवं अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली तथा कार्यों की वर्तमान प्रगति का जायजा लिया। निर्माण कार्यों की धीमी गति एवं गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को कार्य में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा, स्वीकृत मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा मानकहीन कार्य पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कुलपति प्रो शर्मा ने आवास विकास के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी तथा गुणवत्ता मानकों के पूर्ण पालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही पुनः निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान चीफ प्रॉक्टर प्रो. जितेन्द्र कुमार, साहित्य-संस्कृति संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. दिनेश कुमार गर्ग तथा अभियंता रामविजय सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply