
वाराणसी। जिला कारागार में बन्द सपा नेता हरीश मिश्रा से बुधवार को सपा का प्रतिनिधिमंडल चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह एवं जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ के नेतृत्व में मिला। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने हरीश मिश्रा से मिलकर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त की। भरोसा दिलाया कि इस संकट की घड़ी में पूरा समाजवादी पार्टी आपके व आपके परिवार के साथ खड़ी है। जेल से निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद चंदौली वीरेंद्र सिंह ने कहा कि हमलावरों द्वारा हरीश मिश्रा के घर पर चढ़ कर जानलेव हमला किया गया। पुलिस सत्ता के दबाव में मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी कर रही थी तभी समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता थाने पहुंचे। तब मुकदमा पंजीकृत किया गया। जिसे इलाज की आवश्यकता है उसे संगीन धाराओं में जेल में बंद कर दिया गया है। प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही है। अपराध कम होने के बजाय लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रिपोर्ट लिखवाने की जटिलता के कारण कितने अपराध दर्ज ही नहीं हो पाते हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बुलन्द हैं। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव, डॉ रामबालक पटेल, उमेश प्रधान एवं राजेश यादव नत्थू शामिल थे।
