
वाराणसी। सामाजिक संस्था लोक चेतना के तत्वावधान में नियमित रूप से शुरू हुए वरुणा आरती में शुक्रवार को शास्त्री घाट पर सीढ़ियों पर बैठ कर दर्जनों लोगों ने आरती का आनंद लिया। इसके पूर्व नदी किनारे दो बटुकों ने संस्था के अध्यक्ष के के उपाध्याय को संकल्प दिला कर नदी के जल की आरती कराई। मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन करने के बाद शास्त्री घाट पर बने मंच पर देवी सुरेश्वरी भगवती गंगे विघ्न विनाशक तरल तरंगे के संगीतन य धुन के साथ प्रारंभ हुई आरती और शिव तांडव श्लोक पर लोग भक्ति भाव से सराबोर तालियां बजाने लगे। धूप दशांग की खुशबू से वातावरण मंत्र मुग्ध हो उठा। घाट पर बनी सीढ़ियों पर बैठे लोगों के अलावा पुल से जा रहे राहगीर भी यही ठहर गए। अर्से से सुनसान पड़े घाट पर मानो देव लोक उतर आया हो। आरती नियमित रूप से 6.45 बजे प्रारंभ होती है। इस अवसर पर हर्ष मिश्रा, कैलाश सिंह, सौरभ शुक्ला, काशी नाथ पांडेय, मुरारी गुप्ता, जितेंद्र उपाध्याय, निशांत बरनवाल, मंटू जायसवाल,राहुल अवस्थी आदि थे।
