बरेका में तीन दिवसीय अंतर रेलवे चैम्पियनशिप का आगाज

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका), वाराणसी में 29 सितंबर से 01 अक्टूबर 2026 तक 67वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे कुश्ती चैम्पियनशिप-2026 का आयोजन बरेका कुश्ती केंद्र में किया जाएगा।

 

 

भारतीय रेल की प्रतिष्ठित इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रीय रेलवे, उत्पादन इकाइयों एवं रेलवे बोर्ड की 13 रेलवे टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में लगभग 350 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, अधिकारी, निर्णायक एवं अन्य प्रतिभागी शामिल होंगे।

 

प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल एवं ग्रीको-रोमन कुश्ती के विभिन्न भार वर्गों में पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे। फ्री स्टाइल में 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97 एवं 125 किलोग्राम तथा ग्रीको-रोमन में 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 एवं 130 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। सभी मुकाबले निर्धारित कुश्ती मैट पर होंगे।

 

जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि चैम्पियनशिप में उत्तर रेलवे (NR), मध्य रेलवे (CR), पश्चिम रेलवे (WR), उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR), उत्तर मध्य रेलवे (NCR), रेल कोच फैक्ट्री (RCF), बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW), रेलवे सुरक्षा बल (RPF), पूर्वोत्तर रेलवे (NER), पूर्व मध्य रेलवे (ECR), रेलवे बोर्ड (RB), पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) एवं दक्षिण पश्चिम रेलवे (SWR) की टीमें भाग लेंगी।

 

67वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे कुश्ती चैम्पियनशिप का उद्घाटन समारोह 29 सितंबर 2026 को बरेका कुश्ती केंद्र में आयोजित किया जाएगा।

 

समारोह के मुख्य अतिथि श्री आशुतोष पंत, महाप्रबंधक, बनारस रेल इंजन कारखाना होंगे। इस अवसर पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक, निर्णायक एवं विभिन्न रेलवे टीमों के खिलाड़ी उपस्थित रहेंगे।

 

तीन दिवसीय इस चैम्पियनशिप में भारतीय रेल के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभावान पहलवान अपनी शक्ति, तकनीकी कौशल, रणनीति एवं खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे।

 

विभिन्न भार वर्गों में होने वाले मुकाबलों में खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी प्रतिभा एवं क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

 

प्रतियोगिता में ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पहलवानों सहित अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से मुकाबलों का स्तर और आकर्षण बढ़ेगा।

 

अखिल भारतीय अंतर रेलवे कुश्ती चैम्पियनशिप भारतीय रेल की समृद्ध खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *