छः दिवसीय कार्यक्रम का हुआ समापन 

 

वाराणसी । शनिवार को अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र, बीएचयू, वाराणसी तथा अंतर विश्वविद्यालय योगिक विज्ञान केंद्र, बैंगलोर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम ‘ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स : योग फॉर माइंडफुलनेस एंड वेल बीइंग’ विषय पर आयोजित छः दिवसीय कार्यक्रम का समापन आई.यू.सी.टी.ई. परिसर में हुआ।

समापन सत्र का शुभारम्भ मंगलाचरण व मां सरस्वती तथा महामना मदन मोहन मालवीय जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। समापन सत्र के मुख्य अतिथि स्वामी विश्वात्मानंद जी, रामकृष्ण मिशन होम ऑफ सर्विस, वाराणसी थे। इस सत्र की अध्यक्षता प्रो. प्रेम नारायण सिंह, निदेशक, आईयूसीटीई, बीएचयू ने की।

मुख्य अतिथि स्वामी विश्वात्मानंद जी ने कहा कि योग केवल शारीरिक आसनों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका विस्तार शारीरिक, मानसिक तथा आत्मिक स्तर तक होता है। यह जीवन की सर्वोच्च पूर्णता प्राप्त करने का साधन है। योग एक समग्र पथ है, जो तन, मन और आत्मा को संतुलित करते हुए व्यक्ति को आध्यात्मिक उत्कर्ष की ओर ले जाता है।

सत्र के अध्यक्षीय उद्धबोधन में केंद्र के निदेशक प्रो. प्रेम नारायण सिंह ने कबीर दास जी के दोहे ‘माला तो कर में फिरै, जीभ फिरै मुख माँहि।।

मनुवाँ तो दहुँ दिसि फिरै, यह तो सुमिरन नाहिं॥’ को उद्धृत करते हुए कहा कि योग इन्हीं चित्तवृत्तियों को नियंत्रित करता है। योग मन की शक्तियों को सकारात्मक दिशा में उपयोग करने की शक्ति देता है जो मानवता संरक्षण व कल्याण में सहायक होती हैं। भारतीय संस्कृति में आत्मा से परमात्मा की ओर गमन का प्रमाण मिलता है इसलिए यहां पर आत्म अर्थात् आत्म-संयम, आत्म-अनुशासन इत्यादि से सभी रास्ते खुलते हैं। अतिथियों का स्वागत प्रो. आशीष श्रीवास्तव, संकाय प्रमुख, शिक्षण व शोध ने किया। कार्यक्रम की आधिकारिक रिपोर्ट डॉ. कुशाग्री सिंह द्वारा प्रस्तुत की गई, जिसमें समस्त सत्रों, चर्चाओं और गतिविधियों का व्यापक विवरण साझा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ.सुनील कुमार त्रिपाठी ने किया।। इसी क्रम में प्रतिभागियों ने प्रोग्राम के बारे में अपना फीडबैक दिया। इस कार्यकम में 13 प्रदेशों के 38 से शिक्षकों ने भाग लिया। इस कार्यकम का संयोजन प्रो. अजय कुमार सिंह तथा सहसंयोजन डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी व डॉ. कुशाग्री सिंह द्वारा किया गया।

इसके अतिरिक्त, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज एक विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र, बीएचयू, परिसर में किया गया, जिसमें सभी शिक्षकगण, कर्मचारीवृंद, तथा फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम ‘ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स : योग फॉर माइंडफुलनेस एंड वेल बीइंग’ विषय पर छः दिवसीय कार्यक्रम के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह सत्र योगी राहुल शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिन्होंने प्रतिभागियों को शारीरिक, मानसिक और आत्मिक संतुलन हेतु योग अभ्यास कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *