ब्लाक संसाधन केंद्र चिरईगांव में मनाया अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 

चिरईगांव। शनिवार को ग्यारहवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ब्लॉक संसाधन केंद्र, चिरईगांव में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती प्रीति सिंह के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षक- शिक्षिकाओं एवं शिक्षाधिकारी गण की सक्रिय सहभागिता रही।

इस अवसर पर सहज योग केंद्र की साधना श्रीवास्तव ने सहज योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को सरल एवं प्रभावशाली योग क्रियाएं पर तकनीकी जानकारी देते हुए अभ्यास करायी।

योग गुरु रीति श्रीवास्तव ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायामों का अभ्यास कराते हुए उपस्थित जनसमूह को योग की ऊर्जा से ओतप्रोत किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से एआरपी रश्मि त्रिपाठी, एआरपी श्री निवास सिंह, पूर्व एआरपी आलोक कुमार मौर्य, तथा जनपद के एसआरजी राजीव सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

शिक्षिकाओं में सरिता पांडे, कल्पना तिवारी, अर्चना सिंह, अनीता शुक्ला, पूनम मिश्रा , अल्का श्रीवास्तव, ऋचा सिंह, प्रियंका यादव, नमिता सिंह सहित कई अन्य शिक्षिकाओं ने पूरे मनोयोग से भाग लेकर आयोजन को सफल एवं प्रभावी बनाया।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने तन, मन और आत्मा की एकता का अनुभव करते हुए स्वस्थ जीवन शैली की ओर कदम बढ़ाया। कार्यक्रम में उपस्थितजनों ने योग के महत्व को समझते हुए इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि योग दिवस मात्र आसनों का उत्सव नहीं, बल्कि यह भारतीय दर्शन “वसुधैव कुटुंबकम्” — सम्पूर्ण विश्व एक परिवार है — का संदेश लेकर आता है। इस वर्ष की थीम “योग – एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” इसी भावना को सशक्त बनाती है। कार्यक्रम का कुशल संचालन कंपोजिट स्कूल आशापुर की शिक्षिका ऋचा सिंह ने किया।

कार्यक्रम के अंत में एआरपी रश्मि त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि सामाजिक, पर्यावरणीय और वैश्विक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *