
वाराणसी । आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष के द्वितीया तिथि दिन शुक्रवार को रथयात्रा मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रातः काल 5 बजे जगन्नाथ मंदिर के प्रधान पुजारी राधे श्याम पांडे भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र को पिला परिधान धारण कराकर फूल मालाओं से भव्य श्रृंगार कर विधि विधान से वेद मंत्रो के बीच भब्य आरती की। इसके साथ ही तीन दिवसीय रथ यात्रा मेले का शुभारंभ हो गया। प्रातः काल से दर्शन पूजन करने वालों की भारी भीड़ रथ यात्रा मेले में उमड़ पड़ी। जय जगन्नाथ के जय घोष से पूरा मेला क्षेत्र गूंज रहा था।
मंगला आरती में ट्रस्ट श्री जगन्नाथ जी के मुख्य ट्रस्टी दीपक शापुरी आलोक शापुरी ट्रस्ट के अध्यक्ष पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह सपरिवार, न्यासी संजीव राय, उत्कर्ष श्रीवास्तव उपस्थित हुए और भावपूर्ण ढंग से पूजन अर्चन किया। ट्रस्ट श्री जगन्नाथ जी के सचिव शैलेश त्रिपाठी सहित ट्रस्ट के सभी न्यासि व आयोजन समिति के सदस्य भी मंगला आरती में उपस्थित थे।
मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित राधेश्याम पांडे ने बताया कि रथयात्रा के प्रथम दिन भगवान का पीतांबरी शृंगार करके उन्हें भोग में पीला-पेड़ा का भोग लगाया गया। इसके पश्चात प्रातः 8:00 बजे चना और गुड़ व शरबत का तथा 12:00 बजे मंदिर का पट बंद होने के पहले महाप्रसाद पूरी सब्जी दही का भोग लगाकर पट बंद किया गया । प्रातः 3 बजे भगवान की आरती करके मंदिर का पट खोला गया। सायंकाल 8 बजे पेड़े का भोग लगाकर आरती किया गया तथा रात्रि 12 बजे पेड़े का भोग लगाकर शयन आरती कर भगवान का पट बंद कर दिया गया।
प्रथम दिन भगवान का दर्शन करने के लिए प्रातः 5:00 बजे से ही भक्तों के आने का क्रम शुरू हो गया था जो रात्रि 12 बजे तक अनवरत बना रहा।
ट्रस्ट के सचिव शैलेश त्रिपाठी ने बताया कि ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य दर्शन पूजन करने आने वाले सभी भक्तों को सुगम दर्शन करने के लिए तत्पर है और जिला प्रशासन के सहयोग से भक्तों को दर्शन पूजन कराया जा रहा है।
