गुजरात/वाराणसी । शनिवार को अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र, बीएचयू, वाराणसी और गूजरात विद्यापीठ, अहमदाबाद, गुजरात के संयुक्त तत्वावधान में “कृत्रिम बुद्धिमत्ता द्वारा विशाल मुक्त ऑनलाइन पाठ्यक्रम निर्माण (MOOC)” विषय पर छः व्यावसायिक विकास कार्यक्रम के समापन सत्र का आयोजन गुजरात विद्यापीठ, अहमदाबाद, गुजरात परिसर में हुआ।

कार्यक्रम का शुभारम्भ सामूहिक प्रार्थना एवं गुजरात विद्यापीठ के पारंपरिक गान से किया गया। इसके अन्तर डॉ. राजा पाठक ने कार्यक्रम का रिपोर्ट प्रस्तुत किया जिसमें उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम प्रतिभागियों को मैसिव ओपन एंड ऑनलाइन कोर्सेस विकास में व्यावहारिक प्रशिक्षण और सैद्धांतिक आधार प्रदान करने, डिजिटल सामग्री निर्माण करने, ऑनलाइन शिक्षण के वातावरण निर्माण करने और डिजिटल सामग्री निर्माण के लिए प्रासंगिक उपकरणों और प्लेटफार्मों के साथ दक्षता प्रदान करने के लिए आयोजित किया गया।

प्रासंगिक उद्बोधन में प्रो. अजय पारीख, अध्यक्ष, संगणक विज्ञान विभाग ने MOOCs के सन्दर्भ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि के उद्बोधन से पूर्व डॉ. दीप्ति गुप्ता ने प्रतिभागियों द्वारा निर्मित MOOC का प्रदर्शन किया तथा प्रतिभागियों ने प्रति पुष्टि प्रदान की।

कार्यक्रम के सम्पूर्ति सत्र के मुख्य अतिथि डॉ हिमांशु पटेल, कुलसचिव गुजरात विद्यापीठ, अहमदाबाद रहे।

डॉ हिमांशु पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार शिक्षा में समता व समावेशन के लिए उच्च शिक्षा के सभी हितधारकों को कड़ी मेहनत की जरूरत है। इसके लिए शिक्षकों को मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्सेस की तरफ अपने कदम बढ़ाने होंगे जिससे नीति में निहित लक्ष्यों को प्राप्त करना संभव हो सकेगा।

समारोह के विशिष्ट अतिथि डॉ अमितोश दुबे, ई एम पी सी, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, दिल्ली से अपने उद्बोधन में कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्सेज और रोचक डिजिटल सामग्री की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ये न केवल शिक्षकों के लिए नवीन शैक्षिक संसाधन प्रदान करते हैं, अपितु छात्रों की सहभागिता, समझ और कौशल विकास में भी सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

कार्यक्रम के अंतिम दिन कुल तीन सत्रों का आयोजन हुआ जिसमें प्रथम सत्र में आई.यू.सी.टी.ई. के सहायक आचार्य दीप्ति गुप्ता ने विभिन्न ऑनलाइन असेसमेंट टूल्स के बारे में दर्शाया और प्रतिभगियों ने हैंड्स ऑन प्रैक्टिस करके अपने अपने विषय पर टूल्स के माध्यम से प्रश्न बनाये। अगले दो सत्रों में में इग्नू से डॉ. अमितोष दुबे ने MOOCs के लिए स्टोरीबोर्डिंग और वीडियो उत्पादन पर कई पहुलओं पर प्रकाश डाला और प्रतिभागियों को गुजरात विद्यापीठ में स्थापित वीडियो स्टुडिओ में रिकॉर्डिंग करने का अनुभव प्राप्त करवाया। इस सत्र में प्रतिभागियों ने कैमरा हैंडलिंग, रिकॉर्डिंग आदि से संदर्भित विभिन्न पहलुओं को जाना तथा इसके व्यवहारिक आयाम को आत्मसात किया। इस छः दिवसीय कार्यक्रम में गुजरात के विभिन्न विश्वविद्यालयों के 42 प्रतिभागियों ने ‘मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्सेस’ के विकास के लिए विभिन्न पहलुओं का अभ्यास किया ।

कार्यक्रम का संचालन तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ.नितिन कुमार ढ़ाढोदरा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. राजा पाठक, डॉ. दीप्ति गुप्ता तथा प्रो. जिज्ञेश पटेल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *