वाराणसी। वर्तमान खरीफ में किसान भाइयों को निर्धारित दर पर गुणवत्ता युक्त उर्वरकों की उपलब्धता समय से सुनिश्चित कराये जाने हेतु सोमवार को मण्डल स्तर के प्रर्वतन दल के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार, संयुक्त कृषि निदेशक, वाराणसी मण्डल के द्वारा जनपद के जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह की उपस्थिति में जनपद-वाराणसी के थोक एवं फुटकर उर्वरक बिक्रेताओं के यहां सघन छापेमारी की कार्यवाही करते हुए पी0ओ0एस0 में उपलब्ध स्टाक का भौतिक रूप से गोदाम में मौजूद स्टाक का मिलान किया गया। गुणवत्ता परीक्षण हेतु इफको ई-बाजार- राजातालाब से 02 नमूना, मिनाल ट्रेडिंग कम्पनी- राजातालाब से 01 नमूना, गुप्ता खाद भण्डार- राजातालाब से 01 नमूना ग्रहीत किया गया एवम् संबंधित प्रतिष्ठानों के स्टाक/बिक्री रजिस्टर का अवलोकन किया गया।

जनपद के सभी बिक्रेताओं, उर्वरक आपूर्तिकर्ता कम्पनी प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि प्रमुख उर्वरक-यूरिया, डी0ए0पी0, एन0पी0के0 के साथ अन्य किसी उत्पाद की टैगिंग कदापि न की जाये। इसी के साथ समस्त थोक एवं खुदरा बिक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि यदि किसी उर्वरक कम्पनी/थोक बिक्रेता के द्वारा अनावश्यक रूप से किसी उत्पाद को क्रय करने हेतु दबाव बनाया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल जिला कृषि अधिकारी को दें, जिससे की संबंधित कम्पनी/थोक बिक्रेता के विरूद्ध उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के अन्तर्गत कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। साथ ही समस्त खुदरा उर्वरक व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि कृषकों को पी0ओ0एस0 मशीन से उनकी जोतबही के अनुसार निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध करायें। सभी बिक्रेता अपना स्टाक/बिक्रय रजिस्टर तथा रेटबोर्ड नियमित रूप से अद्यतन रखें तथा कृषकों को कैशमेमो अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायें। जिन उर्वरक कम्पनियों के व्यापार हेतु आपके प्राधिकार पत्र पर फार्म ‘ओ‘ अंकित है, उन्ही का व्यापार किया जाये। इस अवसर पर उनके द्वारा सभी किसान भाइयों से अपील की गयी है कि मृदा परीक्षण के आधार पर तथा वैज्ञानिक संस्तुतियों के अनुसार ही उर्वरकों का क्रय एवं प्रयोग करें। आवश्यकता से अधिक उर्वरकों की खरीद न करें और आश्वस्त किया गया कि जनपद में नियमित रूप से कृषकों की मांग के अनुसार उर्वरकों की आपूर्ति होती रहेगी। किसी भी उर्वरक की कमी नही होने दी जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *