कैंप में पात्र व्यक्तियों को योजनान्तर्गत ऑनलाइन आवेदन किये जाने की व्यवस्था
वाराणसी। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अन्तर्गत संचालित राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना एवं दिव्यांग पेंशन योजना में शहरी क्षेत्र में निवासरत पात्र व्यक्तियों को लाभ पहुचाने हेतु 14 जुलाई से 05 अगस्त तक जोनवार/वार्डवार कैम्प का आयोजन होगा। जिसमें विभाग के सम्बन्धित कर्मचारियों की उपस्थिति में पात्र व्यक्तियों को योजनान्तर्गत ऑनलाइन आवेदन किये जाने की व्यवस्था भी रहेगा।
उक्त जानकारी देते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चन्द दूबे ने बताया कि जनपद के शहरी क्षेत्र आदमपुर जोन में 14-15 जुलाई, भेलूपुर जोन में 16-17 जुलाई, दशाश्वमेध जोन में 21-22 जुलाई, कोतवाली जोन में 23-24 जुलाई, ऋषि मांडवी जोन में 25-26 जुलाई, रामनगर जोन में 28-29 जुलाई, सारनाथ जोन में 30-31 जुलाई एवं वरुणापार जोन में 04-05 अगस्त तक कैंप लगाया जाएगा। यह कैंप प्रातः 10 बजे से सायं 3 बजे तक संचालित होगा। उन्होंने लोगों से कहा है कि वे अपना आय प्रमाणपत्र/आधार कार्ड/आधार से लिंक मोबाइल नम्बर/बैंक खाता की पासबुक/पासपोर्ट साइज फोटो/मृतक की मृत्यु प्रमाणपत्र/दिव्यांगता के दशा में दिव्यांग प्रमाणपत्र व अन्य आवश्यक अभिलेखों के साथ कैम्प में प्रतिभाग करे, ताकि योजना का लाभ यथाशीघ्र प्राप्त हो सके।
