
वाराणसी। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए शनिवार को शिवपुर स्थित मंजू निजी आईटीआई कॉलेज में द्वितीय वर्ष के 26 छात्रों को मुफ्त टैबलेट वितरित किए गए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे शिवपुर के पार्षद बलराम कनौजिया ने छात्रों को टैबलेट वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में नोडल पर्यवेक्षक व जिला कल्याण अधिकारी (पिछड़ा वर्ग) ने कहा कि डिजिटल युग में स्मार्टफोन और टैबलेट जैसे उपकरण छात्रों की पढ़ाई को सरल और प्रभावी बनाने में सहायक हैं। इनसे छात्र घर बैठे न केवल पढ़ाई कर सकते हैं, बल्कि तकनीकी ज्ञान भी प्राप्त कर सकते है। प्रबंधक अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि संस्थान की स्थापना वर्ष 2012 में हुई थी और तब से अब तक हजारों छात्र-छात्राएं यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा के साथ तकनीकी संसाधनों से भी जोड़ना है, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।
इस दौरान कॉलेज स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
