
वाराणसी। समाजवादी पार्टी जिला संगठन की मासिक बैठक सोमवार को अर्दली बाजार स्थित पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से जोन प्रभारी और सेक्टर प्रभारियों को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया गया, साथ ही बीएलए की नियुक्ति पर भी चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने पार्टी पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि वे बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने के लिए काम करें और जल्द से जल्द बीएलए की सूची पार्टी कार्यालय में प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा, जो पदाधिकारी लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहते हैं, उनकी जगह नए लोगों को जिम्मेदारी दी जाएगी। जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने प्रदेश सरकार की शिक्षा नीति पर तीखी आलोचना करते हुए कहा कि सरकार गरीबों के बच्चों को शिक्षा देने के बजाय प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने की तैयारी कर रही है। बैठक में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने विचार व्यक्त किए। बैठक में डॉ. उमाशंकर यादव, डॉ. रामबालक पटेल, हीरालाल मौर्या, भीष्म नारायण सिंह और अन्य प्रमुख सदस्य शामिल थे। संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने किया।
