वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के छितौना गांव में 5 जुलाई को निराश्रित मवेशियों को लेकर हुए दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प के बाद सियासत में गर्मी आ गई है। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ और सपा के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व मंत्री राम अचल राजभर के नेतृत्व में पीड़ितों से मिलने गांव पहुंचा।

घटना में घायल हुए लोगों का हालचाल जानने के बाद, सपा नेताओं ने प्रशासन और राजस्व विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। राम अचल राजभर ने कहा कि अगर समय रहते पुलिस और राजस्व विभाग ने भूमि विवाद पर ध्यान दिया होता, तो यह हिंसा टल सकती थी। उन्होंने कहा कि 16 जून को भी समाज के लोगों को मारा-पीटा गया था, और फिर 5 जुलाई को तलवार और लाठी से जानलेवा हमला हुआ, जिससे पीड़ितों की हालत गंभीर बनी हुई है। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने प्रदेश सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी मंच पर जमीन विवादों के शीघ्र निस्तारण का दावा किया गया था, लेकिन अब जमीनी स्तर पर वादे पूरी तरह से खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह घटना प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि समाजवादी पार्टी तब तक संघर्ष करती रहेगी जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिल जाता।

इस बीच, सपा नेताओं ने पीड़ितों को आर्थिक मदद प्रदान की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। पार्टी नेताओं ने यह भी ऐलान किया कि इस मामले की रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंपी जाएगी और संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिल जाता। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य शास्त्री घाट स्थित धरना प्रदर्शन में भी शामिल हुए, जो न्याय की मांग को लेकर जागो राजभर जागो संघर्ष समिति द्वारा आयोजित किया गया था। इस धरने में पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए कड़ा संघर्ष करने का संकल्प लिया गया। प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से सुजीत यादव लक्कड़, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, विधायक कमलाकांत राजभर, पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर, पूर्व मंत्री रामदुलार राजभर, रीबू श्रीवास्तव, डॉ सुभाष राजभर, सत्यनारायण राजभर, जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट, महेन्द्र पाल पिंटू, पूजा यादव, डॉ. रमेश राजभर, डॉ. रामबालक पटेल, डॉ. उमाशंकर यादव, अक्षय प्रधान ‘बबलू’, बाला लखेंदर राजभर, पंकज राजभर, आकाश मौर्य, महेंद्र सिंह, अजय मौर्य बबलू , उमेश प्रधान व भीष्म नारायण आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *