
श्री गौरी केदारेश्वर महादेव से शुरू होकर लाटभैरव तक पहुंची शोभायात्रा
पारंपरिक जलाभिषेक कार्यक्रम में लाखों भक्तों ने लिया भाग, समाज के योगदान से फलाहार व्यवस्था भी रही शानदार
चंद्रवंशी गोप सेवा समिति के अध्यक्ष श्री लालजी यादव का नेतृत्व प्रशंसा के पात्र
वाराणसी। 1932 से चली आ रही परंपरा को निभाते हुए चंद्रवंशी गोप सेवा समिति द्वारा आयोजित वार्षिक जलाभिषेक शोभायात्रा इस वर्ष भी श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। शोभायात्रा की शुरुआत 14 जुलाई को श्री गौरी केदारेश्वर महादेव के जलाभिषेक से हुई और क्रमशः तिलभाण्डेश्वर महादेव, शीतला माता, अहिल्येश्वर महादेव, आल्हादेश्वर महादेव, दुण्ढीराज गणेश जी होते हुए यह यात्रा श्री काशी विश्वनाथ, महामृत्युंजय महादेव, त्रिलोचन महादेव, ऊँकालेश्वर महादेव, लाटभैरव जी तक पहुंची।
इस शोभायात्रा में चंद्रवंशी गोप सेवा समिति के अध्यक्ष श्री लालजी यादव जी के नेतृत्व में हजारों भक्त शामिल हुए। यादव बंधुओं के महादेव के उद्घोष और डमरू की नाद के साथ इस यात्रा ने मानो प्रकृति को भी स्वरबद्ध कर दिया हो। कहीं पारंपरिक परिधानों में सजे हुए श्रद्धालु थे तो कहीं बालक कृष्ण की तरह प्रतीत हो रहे थे, तो कहीं वृद्ध भक्ति भाव से शोभायात्रा में शामिल थे।
यात्रा के दौरान स्थान-स्थान पर फलाहार की व्यवस्था समाज के बड़े-बूढ़ों और महानुभावों द्वारा की गई थी। कड़ी धूप में श्रद्धालु ताजगी बनाए रखने के लिए फलाहार का स्वाद लेते हुए यात्रा में शामिल हो रहे थे। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह ध्वज की पूजा और आरती की जाती रही, जिससे श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
इस शोभायात्रा के दौरान विशेष योगदान श्री लालजी यादव, गोलू यादव, प्रभाकर यादव, संदिप यादव, किशन यादव सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं का था, जो जलाभिषेक में शामिल हुए। समिति के अध्यक्ष श्री लालजी यादव ने इस अवसर पर सभी अधिकारियों, भक्तों, और पत्रकारों का आभार प्रकट किया, जिन्होंने इस धार्मिक परंपरा को सफल बनाने में मदद की।
