वाराणसी। उदय प्रताप कालेज में कल से स्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया आरंभ होगी। पहले दिन बीएससी कृषि और बीकाम, रिटेल ऑपरेशंस मैनेजमेंट मुख्य सूची के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। 18 जुलाई को बीए,19 जुलाई को बीएससी (जीव विज्ञान और गणित वर्ग) मुख्य सूची के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी। कालेज प्रशासन की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। प्राचार्य प्रो डीके सिंह के अनुसार काउंसिलिंग सुबह साढ़े दस बजे से विज्ञान भवन में आयोजित होगा। काउंसिलिंग के लिए केवल अभ्यर्थियों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। प्राचार्य ने बताया कि प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के पास सभी प्रमाण पत्र की मूल और छायाप्रति,टीसी, चरित्र प्रमाण पत्र, अधिभार प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। काउंसिलिंग के उपरांत 48 घंटे के अंदर निर्धारित शुल्क आनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा। प्राचार्य प्रो सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों को एंटी रैगिंग फॉर्म प्रवेश के समय ले आना जरूरी है।
