
शुभम सिंह, (हिंदी शिक्षिका)
इस विश्व सृजन का आधार कौन?
नायक या नायिका……
पत्नी मोह में अज्ञात हुआ कर्म क्षेत्र,
छलनी हुआ हृदय शब्द बाणों से ।
तुलसी की लेखनी का आधार कौन ?
नायक या नायिका……
पति के दुख की भागी, सुख से वंचित ,
गर्भस्थ शिशु के साथ हुई वनगामिनी ।
किया प्रिया का सम्मान कौन ?
नायक या नायिका ……
मां का आदेश सर माथे ,
किया पांचाली से विवाह ।
कृष्णा का अर्पण था या तर्पण ,
हुई पांच भागों में विभाजित कौन ?
नायक या नायिका …..
था जुए का शौक ,
अनर्थ देख हस्तिनापुर मौन।
महाभारत का पर्याय कौन ?
नायक या नायिका……..
संभ्रांत कुल में जन्मे सिद्धार्थ ,
बुद्ध बनने का सफर सुगम न था ।
पुत्र राहुल के जीवन का सारथी कौन ?
नायक या नायिका……
सत्य रक्षा खातिर दान दे दी वैभव दुति,
रोहित को गोद में लिए समक्ष खड़ी तारामती ।
शवदाह कर हेतु साड़ी का आंचल फाड़ती नि:सहाय कौन ?
नायक या नायिका……….
मंदसौर कुमारी की कथा -व्यथा ,
रखती थी सामर्थ्य तख़्त पलटने की ।
क्या हुआ जो जना अक्षय ,मेघनाथ जैसे पुत्रों को ,
सहती दशग्रीव के आक्षेप निराधार कौन?
नायक या नायिका………
