
वाराणसी। 75 दिवसीय वार्ड प्रवास एवं स्वच्छता अभियान का शुभारंभ रविवार को विधानसभा क्षेत्र वाराणसी शहर दक्षिणी में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी रहे। विधानसभा के अलग-अलग वार्डों में प्रतिदिन यह आयोजन किया जाएगा। विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी एक दिन में एक वार्ड में प्रवास करेंगे । प्रवास के दौरान जनसंपर्क कर जनता का हाल जानेंगे तथा स्वच्छता अभियान चलाएँगे।
इस क्रम में रविवार को अभियान के पहले दिन की शुरुआत सूर्यकुंड वार्ड से हुई। वार्ड में प्रातः विधायक डॉ तिवारी ने प्रवास कर स्वच्छता अभियान चलाया। वार्ड के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण कर साफ़ सफाई की व्यवस्था का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान काफ़ी जगह पर कूड़े का ढेर देख विधायक नाराज भी हुए तथा मौके पर उपस्थित ज़ोनल अधिकारी को क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के लिए रोजाना सफाई व्यवस्था के साथ ही कूड़े की उठान सुनिश्चित कराए जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने मौके पर स्थान पर कूड़े का ढेर देख नाराजगी जताई तथा अपनी मौजूदगी में ही उसे हटवाया। काफ़ी जगह सीवर के चैम्बर, नाली एवं गली पीट भी टूटे हुए मिले। उन्होंने सामान्य विभाग एवं जल संस्थान के संबंधित अधिकारियों को दुरुस्त करने हेतु निर्देशित किया। इसके साथ ही कई जगह मार्ग पर लगे पत्थर भी टूटे मिले जिसे तत्काल सही करने हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने कहा की समस्या छोटी हो या बड़ी, सभी का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने पाँच वृक्षों का पौधारोपण किया एवं बच्चों में पेंसिल बॉक्स, चॉकलेट वितरित किया।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त, ज़ोनल अधिकारी, नगर निगम के तमाम अधिकारी, मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपाल जी गुप्ता, पार्षद अनंत राज गुप्ता, पार्षद श्रवण गुप्ता, पार्षद मनीष गुप्ता समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग़ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
