हरियाली श्रृंगार का दर्शन कर श्रद्धालु निहाल, देर रात हुई महाआरती

 

वाराणसी। कालिका गली स्थित मां कालरात्रि का दरबार मंगलवार को सुगंधित पुष्पों से गमका। मां की सजी झांकी को निहार भक्त निहाल हो उठे। दर्शन के लिए देर रात तक मंदिर में भीड़ लगी रही। मंदिर परिसर को फूलों और रंग बिरंगे विद्युत झालरों से सजाया गया था। सावन के दूसरे मंगलवार को मां कालरात्रि का हरियाली श्रृंगार किया गया था।

महंत रवींद्र नारायण तिवारी के आचार्यत्व में भोर में मां को गंगाजल से स्नान कराकर नूतन वस्त्र धारण कराया गया। सुगंधित फूलों से मां का मोहक श्रृंगार हुआ। आरती के बाद मंदिर के पट भक्तों के लिए खोल दिए गए। मां के जयकारे के साथ भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। शाम को मां को पंचामृत स्नान कराकर नूतन वस्त्र धारण कराया गया। नवरत्न जड़ित हार, नथिया, मांगटीका पहना के साथ गुलाब, टेंगरी, गेंदा, बेला, रजनीगंधा की मालाओं से मां का श्रृंगार हुआ। रात तक दर्शन का क्रम चला। रात्रि में महाआरती हुई। भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

शाम भजन संध्या में कलाकारों ने भजनों से मां के दरबार में हाजिरी लगाई।

श्रृंगार में राकेश तिवारी, अंकुर शुक्ला, प्रद्युम्न शुक्ला, शिवम दीक्षित आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *