श्रद्धालुओं ने की पदयात्रा, सैकड़ों ने किया प्रसाद ग्रहण

 

वाराणसी। सावन माह की पुण्य बेला पर श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला काशीराम आवास परिसर में, जहां सुधीर मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा श्री श्री 1008 मां शीतला का वार्षिक श्रृंगार एवं भंडारा धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ सम्पन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत 19 जुलाई को अदलपूरा स्थित माता शीतला धाम तक सैकड़ों श्रद्धालुओं की पदयात्रा से हुई। पदयात्रा में भक्तगण भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आगे बढ़ते नजर आए। इस धार्मिक यात्रा का समापन 22 जुलाई को भव्य भंडारे के साथ हुआ। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को प्रकट करता है, बल्कि सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बन चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जो आयोजन की लोकप्रियता और जनविश्वास को दर्शाता है। कार्यक्रम में जितेंद्र सिंह के साथ नारद यादव, पप्पू, किरण देवी, पंकज, धीरज सहित कई अन्य भक्तों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। आयोजन की सफलता में ट्रस्ट के सभी सदस्यों और स्थानीय निवासियों का उल्लेखनीय योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह, भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा, जो सावन की महिमा को और भी विशेष बना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *