वाराणसी, (नजर न्यूज नेटवर्क संवाददाता)। नाग पंचमी के अवसर पर लोहटिया स्थित अंतर्राष्ट्रीय अखाड़ा बड़ा गणेश में स्व.लालू पहलवान स्मृति विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इस मौके पर विभिन्न अखाड़ों के उस्तादों और राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय पहलवानों का स्वागत भी किया गया। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने कहा कि अखाड़ों की विकास में पहलवानों के उत्थान के लिए हर संभव सहयोग देंगे और यदि आवश्यकता पड़ी तो इस मुद्दे को विधान परिषद में भी उठाएंगे।

दंगल में लगभग 50 जोड़ कुश्ती हुई। जिनमें से अधिकांश बराबरी पर खत्म हुई। निर्णायक कुश्ती में वंश पहलवान (अखाड़ा गया सेठ) ने रोशन पहलवान (अखाड़ा कोरौता) को हराया। वहीं, अंशु पहलवान (अखाड़ा गया सेठ) ने आशुतोष पहलवान (पुवारी कला) को पछाड़ा। एक और महत्वपूर्ण जोड़ की कुश्ती ₹10000 की थी, जिसमें पंकज पहलवान (अखाड़ा बड़ा गणेश) और रोशन पहलवान (अखाड़ा चमाव) के बीच मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ। इसी प्रकार ₹11000 वाली कुश्ती में रितिक पहलवान (अखाड़ा बड़ा गणेश) और जितेंद्र पहलवान (अखाड़ा चुनाव) के बीच मुकाबला भी बराबरी पर समाप्त हुआ। महिला पहलवानों ने भी अपने कौशल का प्रदर्शन किया। आगरा की रूबी पहलवान ने वाराणसी की तनु पहलवान को हराया। अध्यक्षता पूर्व उत्तर प्रदेश केसरी कृष्ण कुमार सिंह उर्फ बाबुल पहलवान ने की। संचालन विकास यादव (बच्चा अधिवक्ता) ने किया। कुश्ती के निर्णायक के रूप में अंतरराष्ट्रीय पहलवान नरेश पहलवान मौजूद थे। समारोह में सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा विश्वकर्मा, कल्लू पहलवान, नंदा पहलवान, मदन पहलवान, विनोद पहलवान, दया पहलवान, राजेश पहलवान आदि थे। धर्मशाला समिति के संयोजक कुंवर पहलवान ने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *