
वाराणसी। सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की चतुर्थ इकाई द्वारा आयोजित सप्तदिवसीय विशेष शिविर का सप्तम एवं अंतिम दिवस कार्यक्रम शिवपुर वार्ड संख्या 9 में गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. स्वप्ना मीणा के निर्देशन में तथा वसंत कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर रचना श्रीवास्तव की अनुमति एवं मार्गदर्शन में, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शुभांगी श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना की तालियों एवं लक्ष्य गीत के साथ हुआ, जिससे स्वयंसेवकों एवं उपस्थित जनसमूह में उत्साह, अनुशासन एवं सेवा भावना का संचार हुआ। इस अवसर पर सभासद बालराम कन्नौजिया, हेड मास्टर कंपोजिट विद्यालय शिवपुर के श्री पंकज दीक्षित की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सांस्कृतिक सत्र के अंतर्गत स्वयंसेवकों द्वारा विविध मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। शालिनी गुप्ता एवं मैत्रेई राय द्वारा काव्यपाठ प्रस्तुत किया गया। अदिति एवं नितिशा ने भजन प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बनाया, वहीं काजल यादव ने भी भजन प्रस्तुत किया। स्वाति श्रीवास्तव एवं कीर्ति सिंह द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। नैंसी वर्मा ने कविता पाठ किया तथा श्रुति सिंह ने बालिका सशक्तिकरण विषय पर प्रभावशाली कविता प्रस्तुत की। अनुष्का गुप्ता द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत ने श्रोताओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की |
कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शुभांगी श्रीवास्तव द्वारा मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात अपने उद्बोधन में उन्होंने स्वयंसेवकों को शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य, आपसी सहयोग, कौशल विकास, बालिकाओं के सशक्तिकरण एवं अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है।
समापन अवसर पर सभी अतिथियों एवं स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की गई। यह सप्तदिवसीय विशेष शिविर सेवा, संस्कृति एवं संस्कारों का अनुपम उदाहरण बनते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
