वाराणसी। रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की चतुर्थ इकाई के तत्वावधान में कंपोजिट विद्यालय, शिवपुर में आयोजित सप्तदिवसीय विशेष शिविर के षष्ठ दिवस का आयोजन मुख्य अतिथि आशुतोष सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रदीप केशरवानी एवं श्री आशीष कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. स्वप्ना मीणा एवं वसंत कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर रचना श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शुभांगी श्रीवास्तव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय सेवा योजना की सामूहिक तालियों एवं लक्ष्य गीत के साथ हुई, जिससे स्वयंसेवकों में सेवा, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जागृत हुई।

षष्ठ दिवस के अवसर पर रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि आशुतोष सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की 72 इकाइयों के स्वयंसेवक सक्रिय रूप से कार्यरत हैं, जो थैलेसीमिया पीड़ित रोगियों के लिए नियमित रूप से रक्तदान कर मानवता की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने थैलेसीमिया रोग के कारणों, लक्षणों तथा उपचार की जानकारी देते हुए कहा कि रक्तदान से इस गंभीर रोग से पीड़ित रोगियों के जीवन को नया संबल मिलता है।

इसके पश्चात् विशिष्ट अतिथि प्रदीप केशरवानी ने अपने प्रेरणादायक अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे वर्ष 1982 से निरंतर रक्तदान कर रहे हैं तथा अब तक 245 बार रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताते हुए युवाओं से निर्भीक होकर आगे आने का आह्वान किया।

इसी क्रम में उन्होंने श्री आशीष कुमार का परिचय कराया, जिन्होंने अब तक 60 बार रक्तदान कर समाज सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। श्री आशीष कुमार ने भी रक्तदान के महत्व पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा चौरसिया, प्रयोगशाला सहायक द्वारा स्वयंसेवकों की हीमोग्लोबिन जांच एवं रक्त समूह परीक्षण किया गया, जिससे स्वयंसेवकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं रक्तदान के प्रति विश्वास में वृद्धि हुई।

समापन अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शुभांगी श्रीवास्तव द्वारा मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके अमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।

उन्होंने स्वयंसेवकों को मानवता एवं साहस के भाव से रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों में निरंतर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।

अपराह्न सत्र में संत रविदास जयंती के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आकांक्षा कुमारी, श्रुति सिंह, शालिनी गुप्ता, राखी शर्मा एवं स्वाति श्रीवास्तव ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संत रविदास के सामाजिक समता, समानता एवं मानवता के संदेशों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके उपरांत स्वयंसेवकों द्वारा काव्यपाठ कर वातावरण को भावनात्मक बनाया गया।

अपराह्न सत्र में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शुभांगी श्रीवास्तव ने संत रविदास जयंती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनके दोहों एवं विचारों के माध्यम से स्वयंसेवकों को सामाजिक समरसता, करुणा एवं समानता के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी तत्पश्चात कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर शुभांगी श्रीवास्तव सहित सभी स्वयंसेविकाएं बनारस लिटरेचर फेस्टिवल के शैक्षिक परिभ्रमण के लिए गई ।जहां वे बनारसी साड़ी, ऊनी वस्त्र ,बनारसी खानपान, शास्त्रीय नृत्य, संगीत,चित्रकला, साहित्य -संस्कृति एवं कला के अद्भुत संगम की साक्षी बनीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *