
वाराणसी । मंगलवार को जिला युवा अधिकारी, वाराणसी यतेंद्र सिंह के दिशानिर्देश में ग्राम रघुनाथपुर, ब्लॉक सेवापुरी में भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं महान समाज सुधारक डॉ. भीम राव अंबेडकर की जयंती अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा के प्रसार एवं युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक भव्य संगोष्ठी कार्यक्रम के साथ-साथ विशाल रैली का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मेरा युवा भारत वाराणसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों के रूप में समाजसेवी हर्षवर्धन सिंह, नेवड़ा ग्राम प्रधान गगन सिंह, रघुनाथपुर ग्राम प्रधान गुंजन सिंह, कस्पेठी थाना प्रभारी विकास कुमार मरुया तथा बहू प्रतिष्ठित समाजसेवी रेखा दुबे उपस्थित रहीं।
सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं आयोजकों द्वारा किया गया। यह रैली सेवापुरी ब्लॉक के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों, समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय से संबंधित नारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति एवं प्रेरणा से भर गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष, सामाजिक समानता के लिए उनके योगदान तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। अतिथियों ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं।
समाजसेवी हर्षवर्धन सिंह ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावशाली साधन बताया। ग्राम प्रधान गगन सिंह एवं गुंजन सिंह ने क्षेत्रीय विकास एवं सामाजिक एकता पर बल दिया। कस्पेठी थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने कानून- व्यवस्था बनाए रखने तथा समाज में शांति एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने की अपील की। समाजसेवी रेखा दुबे ने महिलाओं की शिक्षा एवं सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता एवं समानता के संकल्प के साथ किया गया। अंत में आयोजकों द्वारा सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं उपस्थित जनसमूह का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
रैली एवं कार्यक्रम के सफल संचालन में मेरा युवा भारत वाराणसी के सेवापुरी ब्लॉक के युवा स्वयंसेवक प्रत्यूष सिंह एवं आयुषी दुबे की विशेष एवं सक्रिय भूमिका रही। दोनों स्वयंसेवकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। युवा समाज सेवी जय प्रकाश गिरि, विजय कुमार आदि उपस्थित रहें।
