वाराणसी।सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में संचालित निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण कर संबंधित विभागों एवं ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद द्वारा निर्मित शताब्दी भवन, गंगानाथ झा छात्रावास एवं वीवीआईपी गेस्ट हाउस (संस्कृति सत्कार सदन) तथा सीएनडीएस द्वारा कराए जा रहे नवीनीकरण कार्यों की प्रगति का गहन अवलोकन किया गया।

कुलपति ने कार्यों की धीमी प्रगति एवं गुणवत्ता संबंधी कमियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर, मानकों के अनुरूप तथा उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, विलंब अथवा मानकहीन कार्य को कदापि स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

इस दौरान ठेकेदार अनमोल तिवारी, कृष्ण कांत मिश्र एवं अनिल कुमार गिरी को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे कार्यों में तेजी लाते हुए गुणवत्ता का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें।

कुलपति ने यह भी स्पष्ट किया कि शीघ्र ही पुनः निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा तथा अपेक्षित प्रगति न मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कुलसचिव राकेश कुमार, वित्त अधिकारी हरीशंकर मिश्र तथा अभियंता रामविजय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *