निराश्रित गोवंशों के भरण-पोषण हेतु अभिनव एवं सराहनीय अभियान

वाराणसी। जनपद वाराणसी में निराश्रित एवं बेसहारा गोवंशों के संरक्षण और भरण-पोषण हेतु चलाए जा रहे दान अभियान में पशुपालन विभाग ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विशेष रूप से पशुधन प्रसार अधिकारी संवर्ग द्वारा जनसहभागिता के माध्यम से भूसा एवं धनराशि एकत्रित करने का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है, जिसे जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अत्यंत सकारात्मक प्रतिसाद प्राप्त हो रहा है। अभियान के अंतर्गत अब तक 600 कुंतल से अधिक भूसा प्रत्यक्ष दान अथवा प्राप्त धनराशि से क्रय कर विभिन्न निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों में सुरक्षित भंडारित कराया जा चुका है। पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा गांव-गांव एवं घर-घर जाकर पशुपालकों, किसानों, व्यापारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को गोसेवा हेतु प्रेरित किया जा रहा है। विभागीय कर्मियों की सक्रियता एवं समर्पण के कारण बड़ी संख्या में लोग इस पुण्य कार्य से जुड़ रहे हैं। दानराशि एकत्रित करने में वरिष्ठ पशुधन प्रसार अधिकारी सलारपुर श्री देवेंद्र कुमार सिंह ने ₹2,11,527 तथा वरिष्ठ पशुधन प्रसार अधिकारी हाथी बाजार श्री ओमप्रकाश सिंह ने ₹63,500 की धनराशि संकलित कर उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। इनके प्रयासों की विभागीय स्तर पर सराहना की जा रही है। इसी क्रम में दान में प्राप्त धनराशि से क्रय किए गए भूसे की सात गाड़ियां विभिन्न निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों के लिए रवाना की गईं। इनमें थाना, परसरा, नदोय, बन्देपुर, खरावन एवं ठठरा आदि गौआश्रय स्थल प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त एच.आर.एस. भूसा भंडार, खुशीपुर भूसा मंडी के संचालक श्री रणदीप सिंह द्वारा चोलापुर स्थित निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल में 90 कुंतल भूसा दान स्वरूप उपलब्ध कराया गया, जिसकी विभागीय अधिकारियों ने सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

इस अवसर पर अपर निदेशक ग्रेड-2 पशुपालन विभाग वाराणसी मंडल, वाराणसी डॉ. आर.बी. राम एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी वाराणसी डॉ. आलोक कुमार सिंह ने भूसा से लदी गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अधिकारियों ने कहा कि निराश्रित गोवंशों का संरक्षण एवं समुचित भरण-पोषण माननीय मुख्यमंत्री जी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन द्वारा संचालित योजनाओं के साथ-साथ जनसहयोग एवं सामाजिक सहभागिता के माध्यम से भी गोआश्रय स्थलों के संचालन एवं व्यवस्थापन को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाकर भूसा एवं दानराशि एकत्रित की जा रही है, ताकि वर्ष भर के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा भंडारित किया जा सके तथा किसी भी परिस्थिति में निराश्रित गोवंशों के चारे की कमी न होने पाए। अधिकारियों ने जनपद के सहृदय नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं एवं पशुपालकों से अपील की कि वे आगे आकर इस पुनीत कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें। इच्छुक व्यक्ति पशुपालन विभाग, पंचायतीराज विभाग अथवा संबंधित खंड विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर भूसा अथवा धनराशि दान कर सकते हैं। पशुधन प्रसार अधिकारी संघ वाराणसी के महामंत्री शैलेश चौधरी ने बताया कि पूर्व में भी संजोई एवं परमपुर स्थित गौशालाओं में दान के माध्यम से बड़ी मात्रा में भूसा भंडारित कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा एवं सेवा भाव के साथ इस अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। इस अवसर पर पशुधन प्रसार अधिकारी वेद प्रकाश सिंह, उमाशंकर मौर्य, दिनेश यादव, ऋषिकांत यादव, हरविंदर सिंह, संजय कुमार, संतोष कुमार, अजय कुमार सिंह, रामू प्रसाद, संजय सिंह तथा पशु मित्र प्रदीप, प्रियांशु सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *