ध्रुव बेदी के सितार पर ‘दमा दम मस्त कलंदर’ पर झूमीं छात्राएं, शास्त्रीय संगीत ने मोहा दिल

वाराणसी। संस्कृति विभाग, भातखंडे विश्वविद्यालय एवं स्पिक मैके की ओर से बिस्मिल्लाह खां पुरस्कार प्राप्त सितारवादक ध्रुव बेदी ने मैदागिन स्थित हरिश्चन्द्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में अपनी प्रस्तुति देकर छात्राओं को हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की बारीकियों से परिचित कराया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। उन्होंने तोड़ी थाट के अंतर्गत राग गुर्जरी तोड़ी की प्रस्तुति दी, जो कोमल, भक्तिपूर्ण और करुण रस प्रधान प्रातःकालीन राग है। इसके बाद आलाप, जोड़ झाला और तीन ताल में निबद्ध विलंबित-द्रुत बंदिश बजाकर विद्यार्थियों को शास्त्रीय संगीत की विधाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में सितार पर “श्री कृष्ण गोविन्द हरे मुरारी”, “जय गणेश देवा” और लोकप्रिय पंजाबी फोक गीत “दम दम मस्त कलंदर” की धुनों पर छात्राओं ने सुर, लय और ताल में झूमकर तालियां बजाईं। छात्राओं ने शास्त्रीय संगीत सीखने के संबंध में सवाल भी पूछे। अंत में विद्यालय प्रबंधक हरीश अग्रवाल ने कलाकार का सम्मान अंगवस्त्रम ओढ़ाकर किया। उत्साहित छात्राओं ने स्वयं बनाई काशी पुराधिपति भगवान शिव की पेंटिंग भी ध्रुव बेदी को भेंट की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. प्रियंका तिवारी, संचालन छात्रा प्रिन्सी गुप्ता, धन्यवाद ज्ञापन रंजना गिरी ने किया। स्पिक मैके की प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ. शुभा सक्सेना, पवन सिंह सहित कई शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं। छात्राओं ने बाबा काल भैरव, बाबा विश्वनाथ और संकट मोचन हनुमान के दर्शन पूजन कर कार्यक्रम का आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *