वाराणसी। “विश्व श्रमिक दिवस” के पावन अवसर पर संपूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने समस्त श्रमिक बन्धुओं को विनम्र नमन अर्पित करते हुए उनके अमूल्य योगदान को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।

अपने संदेश में कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि श्रमिक वर्ग अपने अथक परिश्रम, निष्ठा एवं समर्पण के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र की प्रगति को निरंतर गति प्रदान करता है। श्रम ही सृजन का मूल आधार है और मानव सभ्यता की उन्नति का वास्तविक प्रेरक तत्व भी श्रम ही है। प्रत्येक श्रमिक अपने कार्य से न केवल अपने जीवन को संवारता है, बल्कि सामाजिक, आर्थिक एवं राष्ट्रीय विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने श्रमिकों को मिष्ठान वितरित कर “श्रम दिवस” की सार्थकता को रेखांकित किया तथा श्रम के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव व्यक्त किया।

उन्होंने आगे कहा कि समाज में श्रम के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना अत्यंत आवश्यक है। श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा, उनके कल्याण एवं गरिमामय जीवन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। एक न्यायपूर्ण, समतामूलक एवं संवेदनशील समाज की स्थापना तभी संभव है जब श्रम को उचित सम्मान प्राप्त हो।

कुलपति प्रो. शर्मा ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे श्रम के महत्व को आत्मसात करें तथा श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं उत्थान हेतु सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने सभी श्रमिक बन्धुओं को “विश्व श्रमिक दिवस” की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *